भाजपा के सत्ता से दखल होने तक चलेगा जन आंदोलन : पाटिल

punjabkesari.in Friday, Nov 15, 2019 - 02:07 PM (IST)

 

शिमला: हिमाचल कांग्रेस प्रभारी श्रीमति रजनी पाटिल जी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास काफी पुराना है तथा वर्तमान में पार्टी अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी जी के मार्गदर्शन में संगठन बेहतर तालमेल के साथ काम कर रहा है। इस समय देश के हालातों को देखते हुए पार्टी हाईकमान की ओर से भी यही संदेश है कि केंद्र सरकार की नीतियों से बर्बादी की ओर बढ़ रहे देश व अराजकता के बन रहे माहौल से पनपी विकट परिस्थिति का कार्यकत्र्ता व नेता मिलजुलकर सामना करें।

उन्होंने कहा कि हिमाचल से जन आक्रोश रैलियों से वर्तमान भाजपानीत सरकारों के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ आवाज बुलंद हो गई है तथा यह तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्र व राज्यों से भाजपा की सरकारें सत्ता से बाहर नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि देश की बिगड़ी अर्थव्यवस्था, निम्र स्तर पर पहुंची जी.डी.पी. दर, दिन-प्रतिदिन बढ़ती बेरोजगारी व भ्रष्टाचार से देश गुलामी की ओर से बढ़ रहा है लेकिन कांग्रेस ऐसा हरगिज नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि इन विषम परिस्थितियों में अब मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ आगे बढ़ना होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कुछ चहेते उद्योगपतियों की हाथों में खेल रही है। सरकार को चलाने वाले लोग चंद उद्योगपति हैं, जिन्होंने सरकार को अपनी कठपुतली बना रखा है। उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में वर्तमान सरकार भुल चुकी है कि उसे जनता ने चुना है लेकिन जनता अब भांप गई है कि इस सरकार ने देश को उस चौराहे पर लाकर खड़ा कर दिया है, जहां से कांग्रेस पार्टी ही देश को बचा सकती है।

उन्होंने पूछा कि सरकार बताए कि पूर्व कांग्रेस सरकार की नीतियों का मजाक उड़ाने वाली मोदी सरकार अब उन्हीं नीतियों को लागू कर हंसी का पात्र नहीं बन रही है। ऐसी कौन-सी इस सरकार की नीति या फैसला है जिससे जनता व देश को फायदा पहुंचा हो। उन्होंने कहा कि 6 साल में केंद्र सरकार ने केवल नोटबंदी व जी.एस.टी. जैसे निर्णय लेकर देश को अंदर से झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि अब भी सरकार नहीं संभली तो व्यापक स्तर पर जन आंदोलन का बिगुल बजाया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Simpy Khanna

Recommended News

Related News