विवाहित महिला ने लगाया युवक पर दुष्कर्म का आरोप
punjabkesari.in Tuesday, Sep 14, 2021 - 11:48 AM (IST)

डमटाल (सिमरन) : थाना डमटाल के तहत पुलिस चौकी ढांगू के अंतर्गत महिला के साथ दुराचार होने का मामला दर्ज हुआ है। पीड़ित महिला ने आरोपी युवक के खिलाफ बयान दर्ज करवाए हैं जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस चौकी ढांगू के तहत रहने वाली एक विवाहित महिला ने पुलिस चौकी में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाते हुए कहा कि उसकी शादी करीब 3 वर्ष पहले पंजाब में हुई थी जिसके बाद वह गर्भवती हो गई और अपने मायके आकर रहने लगी। बच्चा होने के बाद आरोपी युवक ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। पीड़ित महिला ने कहा कि उसके बाद आरोपी उसे शादी तोड़ने के लिए कहने लगा जिसके बाद आरोपी ने शादी करने का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
महिला आरोपी को शादी करने के लिए कहती रही लेकिन आरोपी हर बार बहाना लगा शादी से मुकरता रहा और महिला के साथ लगातार दुराचार करता रहा। वहीं आरोपी की शादी तय होने की सूचना महिला को मिली तो उसने आरोपी को शादी करने का दबाव बनाया जिसके बाद आरोपी ने पीड़ित महिला के साथ शादी करने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसके बाद महिला ने आरोपी युवक के खिलाफ दुराचार करने का मामला दर्ज करवाया है। चौकी प्रभारी गुरध्यान शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पुलिस चौकी ढांगू में मामला दर्ज किया गया है। महिला का मेडिकल करवाया जा रहा है। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।