मंडी के तिरस्कार का खमियाजा भुगतेगी सुक्खू सरकार : जयराम
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 10:50 PM (IST)
मंडी (रजनीश): नगर निगम मंडी के चुनाव प्रचार अभियान के दौरान मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सन्यारड़, पैलेस कालोनी-2, 10 सुहड़ा तथा वार्ड पैलेस कालोनी-1 में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी की जनता के साथ हो रहे सौतेले व्यवहार का जवाब आगामी चुनावों में कांग्रेस को भुगतना होगा। सत्ता परिवर्तन होते ही कांग्रेस सरकार ने मंडी के विकास को ठप्प करने का अभियान शुरू कर दिया था। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सी.एम. को अपने ही फैसलों को बदलने की आदत हो गई है।
सरकार ऐसे निर्णय लेती है जिनका कोई ठोस आधार नहीं होता और फिर दबाव या विफलता के कारण उन्हें वापस ले लिया जाता है। बिना सिर-पैर के फैसले लेना और फिर उन पर अडिग न रहना सुक्खू सरकार की पहचान बन गई है, जिससे राज्य की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, उन्होंने नशे के खिलाफ सरकार के अभियान पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा सरकार के साथ है लेकिन सरकार को अपनी नीतियों में स्पष्टता और दृढ़ता लाने की आवश्यकता है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

