Mandi : बड़ा देव कमरूनाग के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की टेंपो ट्रैवलर हादसे का शिकार, 9 घायल
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 05:25 PM (IST)
Mandi News : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोहर क्षेत्र में बड़ा देव कमरूनाग से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टैम्पू ट्रेवलर हादसे का शिकार हो गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी यात्री की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार, दाड़ला घाट से 12 श्रद्धालु बड़ा देव के दर्शन करने पहुंचे थे। वापसी के दौरान शाला से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले ट्रेवलर के अचानक ब्रेक फेल हो गए। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत निर्णय लिया और वाहन को खाई में गिरने से बचाने के लिए पहाड़ी से टकरा दिया, ताकि बड़ी दुर्घटना टल सके। इस हादसे में वाहन में सवार नौ लोगों को हल्की चोटें आईं। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल गोहर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
घटना की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी देवराज ने बताया कि यह हादसा ब्रेक फेल होने के कारण हुआ है। गाड़ी में कुल 12 सवार थे, जिनमें से नौ को मामूली चोटें आई हैं। फिलहास, पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि पहाड़ी रास्तों पर वाहनों की स्थिति जरूर जांचें और सतर्क रहें। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टलने पर स्थानीय लोगों ने राहत जताई है।

