पर्यटन स्थलों पर उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, धुंधी पुल से अटल टनल के साऊथ पोर्टल तक लगा लंबा जाम

punjabkesari.in Saturday, Dec 04, 2021 - 06:57 PM (IST)

मनाली (ब्यूरो): 2 दिन बाद जैसे ही मौसम साफ हुआ तो बर्फ से ढके पर्यटन स्थलों की ओर पर्यटकों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। एक साथ हजारों की संख्या में पर्यटक वाहन अटल टनल के पार जा पहुंचे। 2 दिन पर्यटन स्थल बंद रहने के कारण यह तो पहले ही तय था कि पर्यटकों का सैलाब उमड़ेगा, बावजूद इसके प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्था पर्यटकों की भीड़ के आगे चरमरा गई। दोनों जिलों की ओर से लचर व्यवस्था के चलते 3-4 किलोमीटर लंबा जाम लगा।

पुलिस जवान कम होने के चलते ओवरटेक कर वाहन चालकों ने ट्रैफिक जाम को बढ़ावा दिया। मनाली की ओर धुंधी पुल से अटल टनल के साऊथ पोर्टल तक जाम लगा जबकि लाहौल की ओर भी व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त न होने व सड़क किनारे बर्फ के ढेर होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लगीं। हालांकि धूप खिलने के चलते लोगों को ठंड से अधिक परेशानी नहीं हुई लेकिन कई घंटों तक ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ा। ताजा बर्फबारी के बाद मनाली में पर्यटन कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।

डीएसपी मनाली संजीव कुमार ने बताया कि खराब मौसम के कारण 3 दिन से पर्यटक अटल टनल की ओर नहीं भेजे गए। मौसम खुलते ही हजारों की संख्या में पर्यटकों ने अटल टनल का रुख किया। बावजूद इसके पुलिस जवानों ने ट्रैफिक व्यवस्था को सही किया और पर्यटकों को अटल टनल के साऊथ पोर्टल तक पहुंचाया। दूसरी ओर लाहौल-स्पीति के पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा ने बताया कि एक साथ उमड़ी पर्यटकों की भीड़ से नॉर्थ पोर्टल में ट्रैफिक जाम की समस्या गहराई। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News