सावधान: अटल टनल के पास खिसक रहे हैं पहाड़, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 03:18 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। मनाली की सुहानी धूप जहाँ एक तरफ चेहरे पर मुस्कान ला रही है, वहीं दूसरी ओर यही गर्मी लाहुल घाटी में सफेद आफत का सबब भी बन रही है। अगर आप भी अटल टनल पार कर बर्फ के करीब जाने का मन बना रहे हैं, तो रुकिए! पहाड़ अब खिसकने लगे हैं और सुरक्षा एजेंसियां आपको बचाने के लिए सड़कों पर उतर आई हैं।

चमकती धूप और खिसकती चट्टानें

लाहुल घाटी में मौसम के बदलते मिजाज ने खतरों को न्यौता दे दिया है। बढ़ते तापमान की वजह से बर्फ की पकड़ ढीली हो रही है, जिससे हिमस्खलन (Avalanche) की घटनाएं तेज हो गई हैं। विशेष रूप से अटल टनल के उत्तरी छोर (नार्थ पोर्टल) पर पहाड़ों से गिरती बर्फ ने सैलानियों की राह में मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।

रील के चक्कर में जोखिम में न डालें जान

अक्सर देखा जाता है कि बेहतर फोटो या सोशल मीडिया रील के लिए पर्यटक जमी हुई नदियों के बीचों-बीच चले जाते हैं या खतरनाक ढलानों पर चढ़ने लगते हैं। प्रशासन ने इस पर सख्त हिदायत जारी की है।

पहाड़ों पर चढ़ने की कोशिश न करें, क्योंकि बर्फ कभी भी नीचे की ओर खिसक सकती है।

ऊपर से जमी हुई दिखने वाली नदियां अंदर से खोखली हो सकती हैं, जिससे डूबने का गंभीर खतरा है।

बर्फीली चोटियों से उचित फासला बनाए रखें।

पुलिस की पैनी नजर और लाउडस्पीकर से चेतावनी

घाटी में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लाहुल-स्पीति पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस की टीमें लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार पर्यटकों को संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की हिदायत दे रही हैं।

एसपी शिवानी मेहला ने स्पष्ट किया है कि बर्फ की मौजूदा स्थिति काफी अनिश्चित है। पर्यटकों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है, इसलिए पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। किसी भी तरह का गैर-जरूरी जोखिम जानलेवा साबित हो सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News