Bilaspur: टनल निर्माण के दौरान हादसा, मशीन की चपेट में आकर लहूलुहान हुआ मजदूर, ऑप्रेटर के खिलाफ केस दर्ज

punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 03:53 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): जिला बिलासपुर के स्वारघाट क्षेत्र में चल रहे टनल निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। टनल के भीतर काम कर रहा एक मजदूर भारी मशीन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को तुरंत एम्स बिलासपुर में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में मशीन चालक की लापरवाही मानते हुए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा मैक्स इन्फ्रा इंडिया कंपनी के तहत चल रहे टनल निर्माण कार्य के दौरान हुआ। कंपनी में फोरमैन (सिविल) के पद पर कार्यरत जम्मू-कश्मीर के रामबन निवासी जावेद अख्तर सलारिया ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में घटना की पूरी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि टनल के भीतर निर्माण कार्य जोरों पर था। इसी दौरान वहां तैनात मशीन ऑप्रेटर शंकर सिंह अपनी भारी-भरकम मशीन को रिवर्स कर रहा था। मशीन को पीछे घुमाते समय वहां कार्यरत मजदूर अर्णव हलदर अचानक मशीन की चेन के पास गिर गया और उसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में अर्णव की टांग गंभीर चोटें आई हैं।

हादसे के तुरंत बाद टनल के अंदर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और कंपनी प्रबंधन ने बिना कोई देरी किए घायल अर्णव को कंपनी की ही एम्बुलैंस के जरिए तुरंत एम्स बिलासपुर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम अर्णव का इलाज कर रही है और उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह दुर्घटना मशीन ऑप्रेटर की कथित लापरवाही के कारण घटी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मशीन ऑप्रेटर शंकर सिंह निवासी गांव मैहला, डाकघर स्वाहण, तहसील श्रीनयनादेवी जी व जिला बिलासपुर के खिलाफ थाने में विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए बिलासपुर के एसपी संदीप धवन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के असल कारणों की विस्तृत और गहन जांच की जा रही है। जांच प्रक्रिया के दौरान मौके पर मौजूद लोगों और संबंधित पक्षों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News