Bilaspur: बाबा बालक नाथ की तपोस्थली शाहतलाई में झंडा रस्म के साथ चैत्र मास मेले का आगाज, आस्था का उमड़ा सैलाब

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 03:24 PM (IST)

शाहतलाई (हिमल): बाबा बालक नाथ की पवित्र तपोस्थली शाहतलाई में शनिवार को पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ एक महीने तक चलने वाले प्रसिद्ध चैत्र मास मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है। बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए झंडा रस्म अदा कर मेले का आगाज किया। इस अवसर पर पूरा शाहतलाई कस्बा दुल्हन की तरह सजाया गया है और हर तरफ केवल बाबा जी के भक्तों का सैलाब और उनके जयकारे गूंज रहे हैं।

मंत्रोच्चारण और कन्या पूजन से हुआ शुभारंभ
शनिवार को चैत्र संक्रांति के पावन अवसर पर बाबा बालक नाथ के अखंड धूने में पुजारियों द्वारा शंख ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूर्णाहुति डाली गई। इसके बाद डीसी राहुल कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर और एसडीएम झंडूता आर्शिया शर्मा ने कन्या पूजन किया और श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा। प्रसाद वितरण के साथ ही तपोस्थली बाबा जी के जयकारों से गूंज उठी। यह मेला 14 मार्च से शुरू होकर 13 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

PunjabKesari

5 सैक्टरों में बांटा मेला क्षेत्र, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
लाखों की भीड़ को सुव्यवस्थित तरीके से संभालने के लिए प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को 5 सैक्टरों में विभाजित किया है। एसडीएम झंडूता आर्शिया शर्मा को मेला अधिकारी और डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा को पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा दो सहायक मेला अधिकारी भी बनाए गए हैं। कानून व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए 50 पुलिस जवान और 100 होमगार्ड के जवान दिन-रात तैनात रहेंगे। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

मेले में इन चीजों पर रहेगा सख्त प्रतिबंध
श्रद्धालुओं की सुविधा और मेले की शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कुछ सख्त नियम भी लागू किए हैं। मेले के दौरान ढोल-नगाड़े और माइक के इस्तेमाल पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी। रेहड़ी-फड़ी लगाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं भीख मांगने वालों से भी सख्ती से निपटा जाएगा।

श्रद्धालुओं के लिए दो समय लगेगा लंगर
मंदिर न्यास की ओर से बाबा जी के भक्तों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। न्यास द्वारा मेले के दौरान प्रतिदिन दो समय के नि:शुल्क लंगर की व्यवस्था की गई है ताकि दूर-दराज से आने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो।

ये रहे मौके पर उपस्थित
मेले के शुभारंभ अवसर पर डीसी राहुल कुमार के अलावा एसडीएम झंडूता आर्शिया शर्मा, डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा, कांग्रेस महासचिव विवेक कुमार, जेबीडी लंगर संचालक भक्त अरुण राय, मंदिर न्यास प्रभारी विजय ठाकुर, नायब तहसीलदार नमहोल राजेन्द्र, नगर पंचायत सचिव खेमचंद वर्मा सहित मंदिर न्यासी पवन कौशल, अशोक कौशल, राजकुमार कौशल, सरदीप भारद्वाज, शशि पाल शर्मा और पुजारी वर्ग से श्रवण शर्मा, सुभाष शर्मा समेत अन्य गण्यमान्य मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News