Solan: वीकैंड पर जाम हुईं पर्यटन नगरी कसौली की सड़कें, लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जताई नाराजगी
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 07:13 PM (IST)
कसौली (जितेंद्र): पर्यटन नगरी कसौली में वीकैंड की मस्ती ट्रैफिक जाम की भेंट चढ़ गई। शनिवार को पर्यटकों की भारी आमद के चलते सोलन जिले के इस प्रमुख पर्यटन स्थल पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात ऐसे रहे कि मुख्य मार्ग और गढ़खल बाजार में गाड़ियां रेंगती हुई नजर आईं, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बता दें कि वीकैंड पर मैदानी इलाकों से बड़ी संख्या में पर्यटक कसौली का रुख करते हैं, लेकिन कसौली की संकरी सड़कें और सीमित पार्किंग व्यवस्था इतने वाहनों का दबाव झेलने में नाकाफी साबित हुईं। नतीजा यह हुआ कि सड़कों पर कई किलोमीटर तक जाम लग गया। कई पर्यटक और राहगीर घंटों तक अपनी गाड़ियों में फंसे रहे, जिससे उनका वीकैंड का मजा किरकिरा हो गया।
बार-बार लग रहे जाम से परेशान स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि हर वीकैंड पर यही हाल होता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वीकैंड पर ट्रैफिक प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें और पर्यटकों को इस मुसीबत से राहत मिल सके।
वहीं, ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात को सुचारू रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है।

