गर्व का पल: हिमाचल की बेटी पूजा ठाकुर ने सेना में हासिल किया बड़ा पद

punjabkesari.in Wednesday, Oct 22, 2025 - 02:52 PM (IST)

सरकाघाट (महाजन): मंडी जिला के सरकाघाट नगर परिषद के कलश वार्ड निवासी मेजर पूजा ठाकुर ने भारतीय सेना में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मेजर पूजा ठाकुर को पदोन्नत कर लैफ्टिनैंट कर्नल बना दिया गया है। यह पदोन्नति न केवल उनके सैन्य करियर में एक मील का पत्थर है, बल्कि यह पूरे हिमाचल प्रदेश, विशेषकर सरकाघाट और सुंदरनगर क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है।

लैफ्टिनैंट कर्नल पूजा ठाकुर एक ऐसे परिवार से आती हैं, जहां देश सेवा एक परंपरा रही है। उनके पिता भी सेना में एक अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और उनके ससुर, लैफ्टिनैंट कर्नल बलबीर सिंह (सेवानिवृत्त) भी भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सुंदरनगर के निहरी गांव की रहने वाली पूजा ठाकुर का विवाह सरकाघाट में हुआ है और वह दो सैन्य परिवारों की इस गौरवशाली विरासत को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रही हैं।

अपनी स्कूली शिक्षा केंद्रीय विद्यालय से पूरी करने वाली लैफ्टिनैंट कर्नल पूजा शुरू से ही अनुशासित और समर्पित रही हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान 'ऑप्रेशन सिंदूर' जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में भी सक्रिय रूप से भाग लिया है। उनकी यह नई पदोन्नति उनके समर्पण, असाधारण नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

लैफ्टिनैंट कर्नल पूजा ठाकुर की इस उपलब्धि पर उनके ससुर और पिता ने अत्यधिक गर्व व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ हमारे परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। पूजा की सफलता वर्दी में देश की सेवा करने की इच्छुक हजारों युवा लड़कियों के लिए एक प्रेरणास्रोत है। वहीं सरकाघाट क्षेत्र के लोगों ने भी पूजा की इस शानदार पदोन्नति पर खुशी जाहिर की है और उन्हें हार्दिक बधाई दी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News