हिमाचल में बड़ा हादसा: सड़क निर्माण में जुटी JCB मशीन पर पहाड़ी से गिरा मलबा, ऑप्रेटर की गई जान

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 02:35 PM (IST)

सुंदरनगर (सोढी): हिमाचल प्रदेश में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंडी जिला के सुंदरनगर में निर्माणाधीन सलापड़-तत्तापानी सड़क मार्ग पर एक ऐसा ही बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां सड़क निर्माण कार्य में जुटी एक जेसीबी मशीन अचानक पहाड़ी से गिरे भारी मलबे की चपेट में आ गई। इस हादसे में 30 वर्षीय जेसीबी ऑप्रेटर की जान चली गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना सुंदरनगर के दुर्गम क्षेत्र नेरी के निकट घटी। शनिवार शाम के समय सलापड़-तत्तापानी मार्ग पर निर्माण कार्य जोरों पर था और चालक अपनी जेसीबी मशीन से सड़क का काम कर रहा था। इसी दौरानपहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर मशीन पर आ गिरे। मलबे का वेग इतना तीव्र था कि ऑप्रेटर अपनी मशीन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते जेसीबी अनियंत्रित होकर सीधे सतलुज नदी के किनारे की तरफ जा लुढ़की और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसा होते ही मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त जेसीबी के ढांचे में फंसे ऑप्रेटर को बाहर निकाला गया, लेकिन दुर्भाग्यवश तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सिर और शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण ऑप्रेटर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। मृतक की पहचान 30 वर्षीय खूबराम के रूप में हुई है, जो मंडी जिले की थुनाग तहसील के तहत आने वाले गांव भाटकीधार का रहने वाला था। 

हादसे की सूचना मिलते ही निहरी पुलिस चौकी की एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक खूबराम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। जवान बेटे की मौत से परिवार और गांव में मातम का माहौल है।

मंडी जिले के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने इस दुखद हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से यही प्रतीत हो रहा है कि पहाड़ी से अचानक मलबा गिरने के कारण मशीन अनियंत्रित हुई और यह दुर्घटना घटी। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News