बेटियों के लिए मिसाल! ससुराल में रहकर की तैयारी और अब बन गई पूरे हिमाचल की टॉपर

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 01:07 PM (IST)

धर्मपुर (शर्मा): सच्ची लगन, अनुशासन और परिवार का साथ हो, तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस बात को सच कर दिखाया है मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल की बेटी और जोगिंद्रनगर उपमंडल की बहू सविता देवी ने। सविता ने हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग द्वारा आयोजित टीजीटी मेडिकल परीक्षा में 84.59 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से मायके और ससुराल दोनों क्षेत्रों में खुशी की लहर है। 

बेटियों के लिए मिसाल कायम करने वालीं सविता देवी मूल रूप से सरकाघाट उपमंडल के गांव चेली के रहने वाले व्यास देव की बेटी हैं। उनकी शादी जोगिंद्रनगर उपमंडल की लांगणा पंचायत के निवासी नरेश बिष्ट के साथ हुई है। सविता ने अपनी इस कामयाबी से एक ओर जहां अपने मायके (सरकाघाट) का नाम रोशन किया है, वहीं अपने ससुराल (जोगिंद्रनगर क्षेत्र) को भी गौरवान्वित किया है। राज्य चयन आयोग द्वारा यह परीक्षा 15 से 17 दिसम्बर (2025) के बीच आयोजित की गई थी।

सविता शुरू से ही पढ़ाई में होनहार रही हैं। उन्होंने अपनी 12वीं तक की शिक्षा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिलासपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर से बीएससी (मेडिकल) और राजकीय कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन धर्मशाला से बीएड की डिग्री हासिल की। अपनी उच्च शिक्षा जारी रखते हुए सविता ने शूलिनी यूनिवर्सिटी सोलन से एमएससी की पढ़ाई भी सफलतापूर्वक पूरी की।

पूरे प्रदेश में पहला स्थान पाने वाली सविता देवी ने अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, पति नरेश बिष्ट के अटूट सहयोग और अपने गुरुजनों के सही मार्गदर्शन को दिया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए सविता ने कहा कि नियमित पढ़ाई, कड़ा अनुशासन और हमेशा सकारात्मक सोच रखने से जीवन में कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News