Mandi : छत के रास्ते गौशाला में घुसा तेंदुआ, 2 बछियों और 2 भेड़ों को बनाया शिकार; दहशत में ग्रामीण

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 01:51 PM (IST)

Mandi News :  हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत छपराहन में शनिवार रात एक तेंदुए ने जमकर उत्पात मचाया। तेंदुए ने गांव के निवासी चंद्रमणि की गौशाला में घुसकर दो बछियों और दो भेड़ों को मार डाला। इस हमले में पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

छत के रास्ते मौत बनकर आया तेंदुआ

पीड़ित चंद्रमणि ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7 बजे वह रोजाना की तरह मवेशियों को चारा डालकर घर चले गए थे। उनकी गौशाला घर से महज एक मिनट की दूरी पर स्थित है। रविवार सुबह करीब 6 बजे जब परिवार के सदस्य दूध निकालने के लिए गौशाला पहुंचे और दरवाजा खोला, तो वहां का मंजर देखकर उनकी रूह कांप गई। गौशाला के भीतर दो बछियां और दो भेड़ें मृत पड़ी थीं। शुरुआती जांच में पता चला है कि तेंदुआ गौशाला की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुआ था। राहत की बात यह रही कि वहां बंधी गाय सुरक्षित बच गई।

PunjabKesari

लाखों का नुकसान और सुरक्षा की चिंता

चंद्रमणि के अनुसार, इस हमले में उन्हें लगभग एक लाख रुपए की आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाते हुए कहा कि गांव में जिस रास्ते से बच्चे स्कूल आते-जाते हैं, वहां तेंदुए की सक्रियता बेहद चिंताजनक है। ग्राम पंचायत छपराहन के पूर्व प्रधान दिनेश ठाकुर ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए वन विभाग से तुरंत गांव में पिंजरा लगाने की अपील की है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की हिंसक घटना पहली बार हुई है, जिससे लोग अब शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। वहीं, वन विभाग को इस संदर्भ में सूचित कर दिया गया है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News