Himachal: भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा नदी में समाया, मंडी-पठानकोट हाईवे पर सैंकड़ों वाहन फंसे

punjabkesari.in Wednesday, Aug 20, 2025 - 12:51 PM (IST)

मंडी (रजनीश): मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबाड़ी के पास हुए भीषण भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह से ठप्प हो गया है। इस भूस्खलन के चलते हाईवे का एक बड़ा हिस्सा कट गया है, जिससे सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया है और आवाजाही रुक गई है। जानकारी के अनुसार बुधवार काे लंबाड़ी क्षेत्र में हुए भूस्खलन के कारण हाईवे का एक बड़ा हिस्सा नदी में समा गया है, जिससे मार्ग की बहाली में काफी समय लगने की आशंका है।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गया है। एडीएम मदन कुमार ने स्वयं मोर्चा संभाला है और राहत तथा बचाव कार्यों का जायजा ले रहे हैं। सड़क को साफ करने और मार्ग को फिर से खोलने के प्रयास युद्धस्तर पर जारी हैं, लेकिन भूस्खलन की गंभीरता को देखते हुए इसमें कई घंटे या उससे अधिक का समय लग सकता है।

इस भूस्खलन के कारण हाईवे पर दोनों ओर सैंकड़ों वाहन फंसे हुए हैं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने फंसे हुए यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और यदि संभव हो सके ताे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News