भाजपा के प्रलोभन में नहीं आने वाला कांग्रेस का एक भी प्रत्याशी : कुलदीप राठौर

punjabkesari.in Thursday, Nov 24, 2022 - 07:20 PM (IST)

शिमला (राक्टा): जिस तरह के प्रयास भाजपा ने गोवा और महाराष्ट्र में किए, वैसी कोशिश हिमाचल में भी हो सकती है। हालांकि हिमाचल में ऐसे प्रयास सफल नहीं होने वाले हैं। कांग्रेस पार्टी के जो विधायक चुन कर आएंगे, वे संगठन को किसी भी सूरत में धोखा नहीं देंगे। जनता सर्वोपरि है और कांग्रेस के सभी 68 प्रत्याशियों में से एक भी भाजपा के प्रलोभन में नहीं आने वाला है। यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने वीरवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा, यह फैसला करना हाईकमान का क्षेत्राधिकार है। राठौर ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल इस पर चर्चा करेगा, केंद्रीय पर्यवेक्षक भी आएंगे और हाईकमान अंतिम फैसला लेगा। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय नेतृत्व को सोचना है कि कौन-सा व्यक्ति किस स्थान के लिए उपयुक्त रहेगा। उन्होंने कहा कि अभी चुनावी परिणाम घोषित होने हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री की दौड़ में खुद को शामिल बताने वाले संयम रखें। कांग्रेस के समक्ष चुनौतियां बहुत हैं, ऐसे में सरकार बनने पर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। 

डबल इंजन की सरकार में 5 वर्षों तक ठप्प पड़ा रहा विकास
राठौर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में प्रदेश में विकास 5 वर्षों तक ठप्प पड़ा रहा, ऐसे में कांग्रेस सत्ता में आते ही विकास को गति देगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए नए आयाम स्थापित करेगी। राठौर ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा की सत्ता से विदाई की शुरूआत 4 नगर निगम चुनाव से शुरू हो गई थी और कांग्रेस ने सोलन और पालमपुर नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही धर्मशाला में काफी कम अंतर रहा। इसके बाद मंडी लोकसभा और 3 विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की। इतिहास में पहली बार हुआ कि डबल इंजन की सरकार को उपचुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा। 

किसी पद या रेस में नहीं शामिल 
राठौर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वह न तो मुख्यमंत्री की रेस में हैं और न ही किस अन्य पद की दौड़ में शामिल हंै। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश कांग्रेस की कमान उन्हें सौंपी गई थी, तब भी वह रेस में नहीं थे। अब राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि हाईकमान ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे निभाने को भरसक प्रयास किया है। 

किसी नेता को अस्थिर रहने का प्रयास नहीं किया
राठौर ने एक सवाल के जवाब मेंं कहा कि जब उन्हें प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा था तो उस समय परिस्थितियां ठीक नहीं थीं। कोविड महामारी का दौर भी था। बावजूद इसके सभी को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया। संगठन में गुटबाजी को पनपने नहीं दिया। किसी भी नेता को अस्थिर करने के प्रयास नहीं किए। 

भारत जोड़ो यात्रा से बौखलाई भाजपा
राठौर ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा आज 78वें दिन में प्रवेश कर गई है। पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। प्रधानमंत्री तक यात्रा को लेकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं, इससे स्पष्ट है कि भाजपा भारत जोड़ो पदयात्रा से आतंकित है। राठौर ने कहा कि उनका मानना है कि पदयात्रा के बाद राहुल गांधी एक नए रूप में नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि देश को तोडऩे के जो प्रयास आज हो रहे हैं, उसका जवाब भारत जोड़ो पदयात्रा है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News