ऊना में रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला युवक का शव, ट्रेन की चपेट में आने की आशंका

punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 07:03 PM (IST)

ऊना (विशाल): हिमाचल प्रदेश के ऊना रेलवे स्टेशन के पास एक हादसा सामने आया है। यहां रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक की मौत किसी ट्रेन की चपेट में आने की वजह से हुई है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने रेलवे लाइन पर एक युवक को मृत अवस्था में पड़ा देखा। ट्रेन की चपेट में आने के कारण युवक बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया था और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना को देखते ही कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे के उच्चाधिकारियों और पुलिस विभाग को दी। प्रारंभिक तौर पर अंदेशा जताया जा रहा है कि यह हादसा हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने के कारण हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने जब शव की तलाशी ली, तो मृतक के पास से कोई भी पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान की जा सके। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।

रेलवे पुलिस चौकी इंचार्ज सुरेंद्र ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस दर्दनाक हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता मृतक युवक की पहचान करना है। इसके लिए आस-पास के सभी पुलिस थानों और चौकियों में सूचना भेज दी गई है ताकि गुमशुदा लोगों के रिकॉर्ड से इसका मिलान किया जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News