Kangra: दिल्ली से कांगड़ा पहुंचे 2 लोगों से हथियार बरामद

punjabkesari.in Monday, Oct 28, 2024 - 09:44 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): कांगड़ा पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध हथियार लेकर दिल्ली से कांगड़ा की तरफ आ रहे हैं। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि सूचना मिलने पर एक पुलिस दल का गठन किया गया। इसका नेतृत्व डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने किया और सारी रात पुराना कांगड़ा के पास नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान आने जाने वाले गाड़ियों की जांच की गई। इसके बाद कांगड़ा बस स्टैंड पर दिल्ली से आने व जाने वाले यात्रियों से भी पूछताछ की गई।

जब दो व्यक्ति वोल्वो से उतरे तो उनके पास बैग थे। जब उनसे पूछताछ की गई तो संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर दोनों व्यक्तियों की चैकिंग की, जिनके पास दो पिस्टल व खाली मैगजीन बरामद हुए। दोनों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों की पहचान सुशांत कुमार निवासी चड़ी तहसील शाहपुर जिला कांगड़ा और अजय दीप सिंह निवासी गुरदासपुर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है तथा इस बात का भी पता लगाया जाएगा कि ये किसी गैंग के साथ तो नहीं जुड़े हैं।

बिहार से खरीदी थी पिस्टल
डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने बताया कि इन युवकों ने ये पिस्टल मुंगेर जिला पटना बिहार से 25000- 25000 रुपए में खरीदी थी। इसके बाद में पहले गोरखपुर गए और गोरखपुर से दिल्ली और उसके बाद वोल्वो से कांगड़ा पहुंचे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News