Kangra: मायके में हंस-बोल रही थी प्रोफैसर बेटी...एक फोन कॉल के बाद हमेशा के लिए हो गई खामोश, सास-ननद गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 09:31 PM (IST)
नगरोटा बगवां (बिशन): नगरोटा बगवां की ग्राम पंचायत कबाड़ी में एक 34 वर्षीय विवाहिता द्वारा मायके में जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जान देने का दुखद मामला सामने आया है। मृतका की पहचान नेहा अभिलाषी पुत्री रविकांत अभिलाषी निवासी कबाड़ी के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ (मोहाली) के एक निजी कॉलेज में सहायक प्रोफैसर के पद पर कार्यरत थी। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सास और ननद को गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार को ही मायके लौटी थी नेहा
जानकारी के अनुसार नेहा मंगलवार को अपने ससुराल गई थी और शुक्रवार को ही वापस मायके लौटी थी। परिजनों ने बताया कि मायके पहुंचने के बाद वह बिल्कुल सामान्य व्यवहार कर रही थी। इसी बीच, उसे किसी महिला का फोन आया। फोन पर बातचीत करने के बाद वह सीधे अपने कमरे में चली गई और कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (टांडा) ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शनिवार को चामुंडा नंदिकेश्वर श्मशानघाट में नेहा का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ससुराल पक्ष पर नौकरी छोड़ने का दबाव और प्रताड़ना का आरोप
पिता रविकांत अभिलाषी ने पुलिस को दी शिकायत में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि नेहा की शादी वर्ष 2024 में शाहपुर तहसील के चंदरूह मंझयार निवासी वागीश राज चौधरी से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति वागीश राज, ससुर दिनेश राज, सास निर्मला देवी, ननद और नंदोई उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। पिता के मुताबिक ससुराल वाले नेहा पर नौकरी छोड़कर घर का काम संभालने का दबाव बनाते थे और इसी बात को लेकर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
पढ़ाई में बेहद होनहार थी नेहा, लिखी थीं 3 किताबें
पिता ने भारी मन से बताया कि नेहा बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल थी। उसने एक निजी कॉलेज से एमएससी (नर्सिंग एवं मेडिकल सर्जरी) की डिग्री हासिल की थी और वर्तमान में मोहाली में सहायक प्रोफैसर के तौर पर काम कर रही थी। नेहा इतनी होनहार थी कि उसने नर्सिंग विषय से संबंधित 3 किताबें भी लिख चुकी थी, जो अभी प्रकाशित होनी बाकी थीं।
मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही पुलिस
थाना प्रभारी संजीव कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मायका पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका की सास और ननद को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि जांच में जिन अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मृतका का पति बेंगलुरु में नौकरी करता है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

