3 साल पहले की थी लव मैरिज, अब पति ने उठाया खौफनाक कदम; पत्नी का अवैध संबंध बना मौत की वजह!

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 04:35 PM (IST)

Kangra News : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के उपमंडल पालमपुर के लाहला में शुक्रवार को एक किराए के मकान में मृत मिले 29 वर्षीय शुभम कुमार का मामला अब एक नया मोड़ ले चुका है। शुरुआत में आत्महत्या नजर आ रहे इस मामले में मृतक के परिजनों ने अब हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के बढ़ते दबाव और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने शुभम की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

पत्नी के साथ किराए के कमरे में रहता था शुभम

राम चौक निवासी शुभम के परिजनों ने शनिवार को पुलिस थाने पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में दावा किया कि शुभम ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या की गई है। परिजनों ने शुभम की पत्नी के अवैध संबंधों को इस पूरी घटना की मुख्य वजह बताया है। जानकारी के अनुसार, शुभम और साधना का विवाह तीन साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष और साधना के बीच अनबन रहने लगी थी। इसी घरेलू तनाव के चलते शुभम इस वर्ष जनवरी में अपनी पत्नी और बच्चे के साथ लाहला में किराए के कमरे में रहने चला गया था।

फंदे से लटका मिला था शव

बताया जा रहा है कि शुभम धार्मिक आयोजनों में ढोल बजाने का कार्य करता था और हाल ही में उसने राम चौक में एक सैलून भी खोला था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शुभम गुरुवार रात बैजनाथ में एक कार्यक्रम में गया था और शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अपने परिवार से मिलने आया था और सुबह 9 बजे वह अपने किराए के कमरे पर लौट गया था। परिजनों का दावा है कि उसकी मृत्यु दोपहर 12 बजे के करीब हो चुकी थी, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी करीब 3 बजे मिली। जब परिजन लाहला पहुंचे, तो शुभम का शव रसोई में फंदे से लटका हुआ था।


जांच में जुटी पुलिस

पालमपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अजय कुमार उर्फ बबला (जो रिश्ते में शुभम की मां के ताया का बेटा है) और मृतक की पत्नी साधना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस जांच अधिकारी ने कहा, "पोस्टमार्टम के बाद शव का परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News