Mandi: जोगिंद्रनगर में चरस के साथ कांगड़ा के 3 युवक गिरफ्तार, कार में फुटमैट के नीचे छिपाई खी खेप

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 03:24 PM (IST)

जोगिंद्रनगर (विनोद): मंडी जिला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोगिंद्रनगर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने नियमित यातायात चैकिंग के दौरान एक कार से 656 ग्राम चरस बरामद की है और इस मामले में गाड़ी में सवार तीनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार जोगिंद्रनगर पुलिस थाना के प्रभारी सकीनी कपूर के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में नियमित यातायात चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान जोगिंद्रनगर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की आल्टो कार (HP0 1D-9937) को जांच के लिए रोका गया। गाड़ी में चालक सहित तीन युवक सवार थे, जो पुलिस को देखकर काफी घबरा गए। पुलिस ने जब संदेह के आधार पर वाहन की बारीकी से तलाशी ली, तो गाड़ी की पिछली सीट के फुटमैट के नीचे 2 पीले रंग के कैरी बैग मिले, जिनमें से 656 ग्राम चरस बरामद हुई।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शुभम (21) पुत्र राकेश कुमार निवासी गांव कला पुल, डाकघर सढेहड़, तहसील धर्मशाला व जिला कांगड़ा, अक्षय कुमार (21) पुत्र देश राज निवासी गांव व डाकघर घेरा, तहसील धर्मशाला, व जिला कांगड़ा और प्रवीण कुमार (26) पुत्र रमेश चंद निवासी गांव कुट, डाकघर चमीआरा, तहसील धर्मशाला व जिला कांगड़ा के रूप में की गई है।

जोगिंद्रनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि इस तस्करी नैटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News