Kangra: अवैध खनन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 टिप्पर जब्त...ट्रैक्टर चालक से वसूला ₹5000 का जुर्माना

punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 06:09 PM (IST)

ठाकुरद्वारा (गगन): जिला नूरपुर पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरैंस नीति अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ठाकुरद्वारा पुलिस ने बीती रात मंड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध खनन सामग्री से भरे 17 टिप्परों को जब्त किया है, जबकि एक ट्रैक्टर चालक को 5000 रुपए का जुर्माना किया गया है।

पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के प्रभारी भागा राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टांडा मोड़, मलकाना और मिलवां क्षेत्रों में गहन गश्त की। इस दौरान पंजाब की ओर जा रहे खनन सामग्री से लदे वाहनों को रोककर पुलिस ने उनके दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि 17 टिप्परों के चालक खनन से जुड़े कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से सभी 17 टिप्परों को जब्त कर लिया और मामला न्यायालय को भेज दिया है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने कहा कि जिला नूरपुर में प्राकृतिक संसाधनों की अवैध निकासी और तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से निरंतर औचक निरीक्षण और गश्त का दौर जारी रहेगा। इस बड़ी कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News