Kangra: लापता महिला का खड्ड में मिला शव, मानसिक रूप से थी अस्वस्थ
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 01:06 PM (IST)
Kangra News : धीरा के समीप न्यूगल खाडु के बलोटी पुल के पास मंगलवार शाम बरामद महिला के शव की शिनाख्त विक्रमा देवी (60) पत्नी स्वर्गीय शाँकी राम, निवासी मैंझा के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल शव के फोटो देखने के बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और मृतका के पुत्र - जसवंत सिंह ने शव की पहचान की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विक्रमा देर्वा मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और पहले भी कई बार बिना बताए घर से चली जाती थी। मंगलवार सुबह करीब चार बजे भी वह घर से निकल गई थी। शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सोशल मीडिया पर महिला का शव मिलने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पालमपुर के डी.एस.पी. सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों ने महिला की शिनाख्त कर ली है और किसी प्रकार का शक जाहिर नहीं किया है।

