Mandi News: गोहर की छपराहन पंचायत में आग की भेंट चढ़ा 3 भाइयों का मकान, प्रशासन ने दी फौरी राहत राशि
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 06:16 PM (IST)
गोहर (ब्यूरो): मंडी जिला के गोहर उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत छपराहन में एक दर्दनाक अग्निकांड सामने आया है। यहां एक संयुक्त आवासीय मकान में अचानक आग भड़कने से भारी नुक्सान हुआ है। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ, लेकिन परिवार के सिर से छत छिन गई है।
गोहर के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) देवीराम ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि छपराहन पंचायत में 3 भाइयों हरिराम, जोध सिंह और डोल राम के संयुक्त मकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते मकान के 4 कमरे पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे आगे फैलने से रोककर एक बड़े नुक्सान को टाल दिया।
एसडीएम ने बताया कि इस अग्निकांड में कमरों के साथ-साथ घर के अंदर रखा सारा घरेलू सामान, कपड़े, बिस्तर और अन्य आवश्यक वस्तुएं भी जलकर राख हो गई हैं। स्थानीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 10 हजार रुपए की नकद सहायता राशि प्रदान की है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को अस्थायी छत के लिए तिरपाल और खाने-पीने के लिए राशन भी तुरंत उपलब्ध करवा दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

