बेटी के घर आए नन्हे मेहमान की खुशी मनाने जा रहा था परिवार, रास्ते में हो गया ये दर्दनाक हादसा
punjabkesari.in Friday, Aug 26, 2022 - 09:54 PM (IST)

चौपाल (गिरीश): चौपाल उपमंडल के नेवटी में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर घायल हो गया। बेटी के घर बच्चा होने की खुशी में बधाई देने 2 गाड़ियों में 8 लोगों का यह परिवार पुलबाहल क्षेत्र से ग्राम पंचायत देइया के चीलराना गांव जा रहा था। बोलेरो जीप में 5 जबकि मारुति कार में 3 लोग सवार थे। इस दौरान बोलेरो जीप करीब 100 मीटर नीचे हामलटी खड्ड में समा गई। उसके पीछ चल रही मारुति कार में सवार परिवार के सदस्यों ने बताया कि जब बोलेरो नेरवा-चौपाल मार्ग पर नेवटी से करीब 200 मीटर पहले पंहुची तो सामने से तेज गति से एक बाइक आ गई। बाइक को बचाने के चक्कर में जीप का चालक संतुलन खो बैठा और जीप बिना कहीं टकराए सीधे हामलटी खड्ड में जा गिरी।
हादसे के दौरान एक महिला का शव खड्ड में करीब 800 मीटर आगे बह गया था। जिस स्थान पर हादसा हुआ वह स्थान इतना दुर्गम है कि शवों को निकलने के लिए आधा किलोमीटर दूर से घूम कर खड्ड तक पंहुचना पड़ा। शव निकलने में पुलिस टीम और स्थानीय लोगों को करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक व्यक्ति रूप सिंह को आईजीएमसी शिमला रैफर कर दिया गया है। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने नेरवा अस्पताल में दम तोड़ा।
मृतकों की पहचान पद्म सिंह (50) पुत्र रति राम, सीमा देवी (48) पत्नी पद्म सिंह व पन्ना देवी पत्नी रूप सिंह निवासी भूनी, ग्राम पंचायत तुन्डल एवं सुनीता देवी पत्नी निहाल सिंह निवासी रेवाड़ तहसील चौपाल के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति रूप सिंह मृतक पद्म सिंह का सगा भाई है तथा दोनों भाइयों की पत्नियां भी मृतकों में शामिल हैं। प्रशासन की तरफ से तहसीलदार नेरवा जगपाल सिंह द्वारा मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here