Kangra: राष्ट्रीय स्तर का होगा जयसिंहपुर दशहरा मेला : मुकेश अग्निहोत्री

punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 10:34 PM (IST)

जयसिंहपुर (विजय): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जयसिंहपुर के दशहरा मेले को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में इलैक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए एक करोड़ रुपए देने का भी ऐलान किया। वह मंगलवार को जयसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल योजनाओं पर करीब 236 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इनमें 70 करोड़ और 43 करोड़ रुपए की लागत वाली योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 34 करोड़ रुपए की एक अन्य योजना 31 मार्च तक पूरी करने का लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि जयसिंहपुर बस अड्डे का निर्माण कार्य भी जल्द पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में अब तक 300 इलैक्ट्रिक बसें शामिल की जा चुकी हैं तथा एक हजार नई इलैक्ट्रिक बसें खरीदने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। भविष्य में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जयसिंहपुर में इलैक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाने और चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इस अवसर पर आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने अतिथियों का स्वागत किया और क्षेत्र में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने तथा दशहरा मेले को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा देने की मांग रखी। समारोह के दौरान रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी कलाकार निंजा, स्टैंडअप कॉमेडियन विशाल शर्मा और गायक बिक्की राजटा ने प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News