IGNOU ने छात्राें काे दिया एक और माैका, जनवरी-2026 सत्र के लिए पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ी, जानें कैसे करें आवेदन
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 03:09 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए जनवरी-2026 शैक्षणिक सत्र के लिए पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अब छात्र 15 फरवरी तक अपना पंजीकरण सुनिश्चित कर सकते हैं। विश्वविद्यालय का यह निर्णय ओपन एंड डिस्टैंस लर्निंग और ऑनलाइन मोड के तहत संचालित होने वाले सभी पाठ्यक्रमों पर लागू होगा।
छूटे हुए छात्रों को मिला मौका
इस संबंध में जानकारी देते हुए इग्नू अध्ययन केंद्र 1101 (संजौली कॉलेज) की समन्वयक डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि अंतिम तिथि में विस्तार का मुख्य उद्देश्य उन शिक्षार्थियों को एक और अवसर प्रदान करना है, जो किसी कारणवश निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पुनः पंजीकरण नहीं करवा पाए थे।
वैबसाइट के जरिए करें आवेदन
डॉ. शर्मा ने सभी शिक्षार्थियों से आग्रह किया है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना इग्नू की आधिकारिक वैबसाइट के माध्यम से जल्द से जल्द अपनी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें। समय पर रजिस्ट्रेशन न होने से आगामी शैक्षणिक सत्र के प्रवेश और अन्य अकादमिक कार्यों में असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

