स्वास्थ्य विभाग में 105 अतिरिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित, HPRCA ने फिर खोला पाेर्टल

punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 08:03 PM (IST)

शिमला (संतोष): प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने स्वास्थ्य विभाग में 105 अतिरिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए और युवाओं को रोजगार का मौका देने के लिए आयोग द्वारा 11 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन पोर्टल को पुनः खोल दिया गया है।

आयोग द्वारा जारी की गई नई अधिसूचना के अनुसार इस भर्ती में मुख्य रूप से तीन श्रेणियों के पदों को शामिल किया गया है। नए जोड़े गए इन 105 अतिरिक्त पदों के तहत ऑप्रेशन थिएटर असिस्टैंट (पोस्ट कोड-26008) के 60 पद, रेडियोग्राफर (पोस्ट कोड-26009) के 30 पद और वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन ग्रेड-2 (पोस्ट कोड-26012) के 15 पद शामिल किए गए हैं। पोर्टल खुलने के बाद योग्य उम्मीदवार अब इन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

जानकारी के अनुसार, ये 105 पद आयोग द्वारा पूर्व में 28 फरवरी और 30 मार्च को जारी किए गए विज्ञापनों (परिशिष्ट) के पदों के अतिरिक्त हैं। राज्य चयन आयोग ने इन नए जोड़े गए पदों को 28 फरवरी के मूल विज्ञापन में ही सम्मिलित कर दिया है। इस बदलाव के चलते अब इन तीनों श्रेणियों में कुल पदों की संख्या में भारी वृद्धि हो गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई रात 11:59 बजे तक निर्धारित की गई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News