घर में घुसकर दुश्मन का सफाया करता है भारत : रामस्वरूप शर्मा

punjabkesari.in Friday, Feb 24, 2017 - 11:41 AM (IST)

मंडी/सरकाघाट (नितेश सैनी)  :  घर में घुसकर दुश्मन का सफाया करना भारत की पुरानी परंपरा रही है। चंद्रगुप्त मौर्य, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और गुरु गोबिंद सिंह की परंपरा का आज भी निर्वाह किया जा रहा है तथा भारत उसी तौर-तरीके से दुश्मन का सफाया कर रहा है। सरकाघाट में वीरवार को रैली को संबोधित करते हुए मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने यह शब्द कहे। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और गुरु गोबिंद सिंह दुश्मनों के घर में घुसकर मारते थे तथा उसी परिपाटी के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारत मां की आन, बान और शान को क्षति पहुंचाने वाले दुश्मनों को सर्जिकल स्ट्राइक करके उनके घर में मारा। उन्होंने कहा कि भारत विश्व की महान शक्ति बन रहा है क्योंकि जिन मिसाइलों को भारत इजरायल से 37 करोड़ 50 लाख में खरीदता था आज उन्हीं मिसाइलों को भारत दूसरे देशों को मात्र 10 करोड़ में बेच रहा है।

केंद्र सरकार ने दिया पासपोर्ट बनाने पर जोर 
भारत के द्वारा बनाई मिसाइलों से चीन व पाकिस्तान डरे हुए हैं जबकि सहयोगी मुल्क भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रहे हैं। वर्ष 2016-17 पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के तहत गरीब कल्याण वर्ष के रुप में मनाया जा रहा है। ग्रामीण स्तर पर लोगों को बेहतर सुविधाएं मिले इसके लिए केंद्र सरकार ने डाकघर में एटीएम के साथ पासपोर्ट बनाने का भी बीड़ा उठाया है। इससे पूर्व डाकघर में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही है जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत बीमा योजनाओं को भी अमलीजामा पहनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र में केंद्र सरकार के सहयोग से अनेक बड़ी परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं मगर इन परियोजनाओं की डीपीआर बनाने में राज्य सरकार नाकाम साबित हुई है। आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही तमाम योजनाओं को धरातल पर लाया जाएगा।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News