विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा ने भरा नामांकन

punjabkesari.in Friday, May 10, 2024 - 11:00 PM (IST)

ऊना (विशाल): विधानसभा क्षेत्र कुटलैहड़ से कांग्रेस के प्रत्याशी विवेक शर्मा विक्कू ने आज सैकड़ों वाहनों के काफिले में अपने काफी संख्या में आए समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। विवेक शर्मा ने इसके लिए पहले समूरकलां स्थित मंदिर में आशीर्वाद लिया। समूरकलां में ही उनके पास उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी पहुंचे जिन्होंने विवेक शर्मा को विजयी होने का आशीर्वाद देते हुए चुनाव मैदान में डटे रहने को कहा। कांग्रेस के प्रभारी एवं विधायक भवानी सिंह पठानिया विशेष रूप से मौजूद रहे और उनके साथ समूरकलां से विवेक शर्मा ने अपनी जन आशीर्वाद रैली शुरू की। बड़ी संख्या में आए बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने काफिले में शिरकत की और बंगाणा बाजार से पैदल एसडीएम कार्यालय की ओर निकले। यहां समर्थकों और कार्यकर्त्ताओं ने विवेक शर्मा को कंधे पर उठा लिया और उनके पक्ष में नारेबाजी की। विवेक शर्मा ने यहां जनता का अभिवादन भी किया। इस दौरान कुटलैहड़ से सभी टिकटार्थी भी मौजूद रहे और उन्होंने खुले मन से विवेक शर्मा का समर्थन देते हुए साथ मौजूद रहकर नामांकन दाखिल करवाया।

मैं हरदम जनता के बीच रहा हूं और आगे भी रहूंगा : विवेक
इस मौके पर विवेक शर्मा ने कहा कि 32 वर्षों बाद 14 महीने पहले जिस जोश के साथ जनता ने कांग्रेस को वोट किया था। वही जोश अभी बरकरार है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक ने जनता के साथ लगातार झूठ बोला, लेकिन अब जनता हर रोज उनसे यह सवाल पूछेगी कि पिछले 14 महीने में उन्होंने कितनी बार विधानसभा के पटल पर विधानसभा क्षेत्र की जनता की आवाज को उठाया। क्यों जनता से पूछे बिना विधायकी त्याग दी। यदि उनके काम नहीं हो रहे थे तो किस मंच पर उन्होंने यह बात जनता के समक्ष रखी थी। पूर्व विधायक पूरी तरह झूठ का पुलिंदा है और 4 जून को जनता का जवाब उन्हें मिल जाएगा। मैं हरदम जनता के बीच रहा हूं और आगे भी रहूंगा।

कुटलैहड़ के विकास के लिए विवेक को आशीर्वाद दे जनता : अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस की टिकट पर चुनकर आए 6 लोगों ने जनता को फिर से चुनाव में झोंकने का काम किया है। अब जनता इन सभी 6 लोगों को माफ करने के मूड़ में नहीं है। इस्तीफा देकर दोबारा जनता की अदालत में बैठे पूर्व विधायक को जनता विधानसभा की दहलीज पार न करने दे। उन्होंने कहा कि विवेक शर्मा अच्छे और सौम्य स्वभाव के नेता हैं व हमेशा जनता के बीच रहने वाले नेता हैं। कांग्रेस की सरकार अभी साढ़े 3 साल और सत्तासीन रहेगी। जनता विवेक को आशीर्वाद दे ताकि वह कुटलैहड़ को विकास के नए आयाम पर पहुंचा सके।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News