Mandi: सुंदरनगर के डैहर पुल पर मची अफरा-तफरी! महिला के इस एक कदम से उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 03:53 PM (IST)

सुंदरनगर (सोढी): मंडी जिले के उपमंडल सुंदरनगर के तहत डैहर पुल से एक 38 वर्षीय महिला द्वारा सतलुज दरिया में छलांग लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। स्थानीय युवकों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद महिला के शव को दरिया से बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद हंसते-खेलते परिवार पर अचानक टूटा दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता देवी पत्नी भगत राम निवासी गांव बड़ौन, डाकघर जड़ोल व तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह महिला ने अचानक डैहर पुल से सतलुज दरिया में छलांग लगा दी। घटना का पता चलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरा मच गई और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। इस दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने साहस का परिचय देते हुए दरिया में उतरकर महिला की तलाश शुरू की और कुछ समय बाद शव को बाहर निकालने में सफलता हासिल की। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

महिला ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के असल कारणों का पता लगाया जा सके। चूंकि दरिया से शव जिला बिलासपुर के बरमाणा वाले छोर की तरफ से निकाला गया है, इसलिए अधिकार क्षेत्र के चलते इस मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई पुलिस थाना बरमाणा की टीम द्वारा अमल में लाई जा रही है।

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने डैहर पुल से महिला द्वारा छलांग लगाने की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस स्थान से शव बरामद हुआ है, वह पुलिस थाना बरमाणा के क्षेत्राधिकार में आता है। इसलिए घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम आदि की प्रक्रिया संबंधित पुलिस थाना द्वारा ही पूरी की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News