Chamba: तीसा में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, बहन की मौत...भाई गंभीर घायल

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 03:50 PM (IST)

तीसा (सुभान दीन): जिला चम्बा के उपमंडल तीसा के अंतर्गत देहरा पंचायत के सुमरेड नाले के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक टैक्सी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चला रहा उसका सगा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान पुष्पा देवी पत्नी लोभी राम, निवासी गांव बड़दौल, डाकघर चांजू के रूप में हुई है।

रातभर मृत बहन के पास तड़पता रहा भाई
जानकारी के अनुसार यह खौफनाक दुर्घटना बीती रात के समय घटी। कार में केवल भाई-बहन ही सवार थे। रात का घना अंधेरा और इलाका सुनसान होने के कारण इस हादसे की भनक किसी को नहीं लग सकी। दुर्घटना के बाद घायल चालक अपनी मृत बहन के शव के पास पूरी रात दर्द और कड़ाके की ठंड से जूझता रहा। सुबह होने पर वह अपनी गंभीर चोटों के बावजूद भारी संघर्ष करते हुए किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचा और स्थानीय लोगों को इस अनहोनी की जानकारी दी।

PunjabKesari

हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज चम्बा रैफर किया घायल
घायल युवक से हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से मृतका के शव को खाई से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। वहीं, सड़क तक पहुंचने के बाद घायल चालक की हालत काफी बिगड़ गई। उसे तुरंत तीसा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा रैफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
यह हादसा किन कारणों से हुआ, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं, चुराह के कार्यकारी एसडीएम आशीष ठाकुर ने बताया कि प्रशासन इस घटना और घायल की स्थिति पर पूरी नजर रखे हुए है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News