Mandi: कांग्रेस का बस चले तो यह मंडी को मानचित्र से ही मिटा दे: जयराम

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 09:06 PM (IST)

मंडी (रजनीश): मंडी नगर निगम भाजपा का गढ़ थी और भविष्य में भी रहेगी। नगर निगम और पंचायत चुनावों में भाजपा की जीत होगी, जो प्रदेश से कांग्रेस सरकार की विदाई का शंखनाद साबित होगी। ये बातें मंडी में सोमवार को प्रैस वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कही। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने हमेशा मंडी के साथ भेदभाव किया है और यदि इसका बस चले तो वह मंडी जिले को हिमाचल के मानचित्र से ही मिटा दे। भाजपा सरकार के समय मंडी नगर के विकास के लिए जो 15 करोड़ की धनराशि जारी की गई थी, उसे सत्ता में आते ही कांग्रेस सरकार ने वापस ले लिया। मंडी की जनता इस अपमान को भूली नहीं है। नेता प्रतिपक्ष ने पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर के हालिया बयान का हवाला देते हुए कहा कि अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी सार्वजनिक मंचों से अपनी ही सरकार की खामियां गिनाने लगे हैं।

जयराम ठाकुर ने अधिकारियों को भी कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि वे केवल मुख्यमंत्री को खुश करने के लिए नियमों के विरुद्ध कार्य न करें, अन्यथा भविष्य में उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे जिस भी राज्य में कांग्रेस के स्टार प्रचारक बनकर गए, वहां कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया और भाजपा की सरकार बनी। यह उनकी विफल कार्यशैली का राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण है। पत्रकारवार्ता से पहले जयराम ठाकुर ने पार्टी के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और सभी 15 वार्डों के प्रत्याशियों के साथ एक रणनीतिक बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये चुनाव केवल स्थानीय चुनाव नहीं हैं, बल्कि यह वर्तमान सरकार को उखाड़ फैकने के अभियान की शुरूआत है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News