Mandi: पत्नी से मामूली कहासुनी पर पति ने दी जान, 6 दिन की मासूम के सिर से उठा पिता का साया
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 07:56 PM (IST)
मंडी/धर्मपुर (शर्मा): मंडी जिला के उपमंडल धर्मपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पत्नी से मामूली कहासुनी पर एक युवक ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। दुखद बात तो यह है कि मृतक अपने पीछे 6 दिन की मासूम बच्ची छोड़ गया है। जानकारी के अनुसार धर्मपुर क्षेत्र की कुम्हारढा पंचायत के कुम्हारढा गांव में धीरज कुमार (32) पुत्र चुन्नीलाल की बीती रात अपनी पत्नी के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई। इसके बाद वह बिना खाना खाए सोने के लिए अपने कमरे में चला गया।
रात करीब 9:30 बजे जब उसकी मां उसे खाना देने गई तो कमरा अंदर से बंद पाया। काफी आवाज देने बाद भी जब बेटे ने कमरा नहीं खोला तो मां ने पड़ोसियों को मौके पर बुलाया। जब पड़ोसियों द्वारा दरवाजा तोड़ा गया तो कमरे के अंदर का मंजर के देख सबके होश फाक्ता हो गए। धीरज प्रैस की लीड (तार) से बनाए फंदे पर झूल रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत फंदे से नीचे उतारा और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, धर्मपुर पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर युवक का शव कब्जे में लिया, जिसे सरकाघाट अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने कहा कि उन्होंने खुद घटनास्थल का दौरा किया है पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

