पंजाब में HRTC बसों पर फिर हमला, बसों के तोड़े शीशे, लिखे आपत्तिजनक शब्द
punjabkesari.in Saturday, Mar 22, 2025 - 12:02 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। अमृतसर बस स्टैंड पर हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों पर हमला किया गया, जिससे यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है। बीती रात इस घटना में 6 बसों के शीशे तोड़ दिए गए और वाहनों पर आपत्तिजनक शब्द भी लिखे गए। यह घटना न केवल हिमाचल प्रदेश के यात्रियों के लिए असुरक्षा का कारण बन रही है, बल्कि यह दोनों राज्यों के बीच तनाव भी पैदा कर सकती है।
इस हमले के बाद HRTC के चालकों और परिचालकों में डर का माहौल बन गया है। कई कर्मचारियों ने सुरक्षा की चिंता जताते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाओं के बाद वे अपने कार्यस्थल पर सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। HRTC प्रशासन ने इस संबंध में पंजाब सरकार से सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों पहले ही पंजाब के खरड़ में भी ऐसी ही एक घटना हुई थी, जिसमें HRTC की बस पर हमला किया गया था। इसके बाद हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बातचीत भी करी थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वे इस मुद्दे पर सख्त कार्रवाई करेंगे और बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। लेकिन फिर से हुई इस घटना ने इन वादों को कमजोर कर दिया है।