कांग्रेस प्रत्याशियों की फर्जी सूची वायरल, सीएम जयराम ने OPS को लेकर दिया बड़ा बयान, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Oct 01, 2022 - 07:28 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस टिकट को लेकर मचे घमासान के बीच शुक्रवार को पार्टी प्रत्याशियों की एक फर्जी सूची सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी में कहा कि केंद्र सरकार की मदद प्रदेश में ओपीएस लागू करने के प्रयास किए जाएंगे। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिमाचल की मीडिया प्रभारी अलका लाम्बा ने भाजपा नेता अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रेम कुमार धूमल व महेन्द्र ठाकुर पर निशाना साधा है। बिलासपुर के मयंक वैद ने ट्रैडमिल पर मैराथन कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। प्रदेश सरकार ने 22 नायब तहसीलदारों को तहसीलदार के पद पर पदोन्नत किया है। हमीरपुर के टौणीदेवी में कार के खाई में गिरने से एक शिक्षक की मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

विधानसभा चुनावों से पहले 22 नायब तहसीलदारों को मिला पदोन्नति का तोहफा
विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश सरकार ने 22 नायब तहसीलदारों को तहसीलदार के पद पर पदोन्नत किया है। इसके तहत नायब तहसीलदार पुखरी लक्ष्मण सिंह, नायब तहसीलदार चम्बा सदर संदीप कुमार, नायब तहसीलदार उदयपुर शांता कुमार, नायब तहसीलदार हरिपुरधार सतेंद्र जीत, नायब तहसीलदार बड़सर गिरी राज, नायब तहसीलदार कार्यालय मंडलायुक्त कांगड़ा रजत सेठी, नायब तहसीलदार थुनाग नितेश ठाकुर, नायब तहसीलदार जोगिंद्र नगर साजन, नायब तहसीलदार एफएसएनटी शालाघाट पूजा शर्मा, नायब तहसीलदार कोटगढ़ अनिल राणा, नायब तहसीलदार निचार अभिषेक चौहान काे तहसीलदार बनाया है।

टिकटों को लेकर मचे घमासान के बीच कांग्रेस प्रत्याशियों की फर्जी सूची वायरल
विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस टिकट को लेकर मचे घमासान के बीच शुक्रवार को पार्टी प्रत्याशियों की एक फर्जी सूची सोशल मीडिया पर वायरल होती रही। ऐसे में पार्टी के संज्ञान में जब मामला सामने आया तो स्पष्ट किया गया कि सोशल मीडिया पर जो सूची वायरल हो रही है वह पूरी तरह से फर्जी है। देखा जाए तो आगामी अक्तूबर में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की दूसरी बैठक दिल्ली में होना प्रस्तावित है।

केंद्र सरकार की मदद से हिमाचल में OPS लागू करवाने का करेंगे प्रयास : जयराम
प्रदेश में ओपीएस लागू करने के लिए केंद्र सरकार की मदद बहुत जरूरी है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को मंडी में आयोजित एक शाम मंडी के कर्मचारियों के साथ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ओपीएस लागू करने की बातें आजकल कर रहे हैं। जो चीज होनी नहीं है उस रास्ते पर चलना भी नहीं चाहिए और लोगों को गुमराह नहीं करना चाहिए।

नालागढ़ में बनेंगे देश की सुुरक्षा में काम आने वाले उपकरण
हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) के नालागढ़ में देश की सुरक्षा में काम आने वाले उपकरणों का निर्माण होगा। यह रक्षा विनिर्माण यानि डिफैंस मैन्युफैक्चरिंग भारत की प्रसिद्ध कंपनी एसएमपीपी करेगी, जिसमें जर्मनी की सहभागी कंपनी सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ इस मुद्दे को लेकर रक्षा विनिर्माण क्षेत्र की भारतीय एवं जर्मनी कंपनी के अधिकारियों से ओकओवर में भेंट हुई।

कांग्रेस से मुक्त होने के लिए चला कांग्रेस छोड़ो अभियान : मीनाक्षी लेखी
केन्द्रीय विदेश व संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि कांग्रेस छोड़ों अभियान के लिए केवल कांग्रेस जिम्मेदार है। कांग्रेस से मुक्त होने के लिए उनके नेता स्वयं पार्टी छोड़ रहे है। उन्होंने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि कांग्रेस के बुरे कर्म अब उसका पीछा नहीं छोड़ रहे हैं। हिमाचल के चुनाव पर चर्चा करते हुए कहा कि पहाड़ों की हवा ठंडी है लेकिन कांग्रेस के लिए यह बर्फीली है। हिमाचल में भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि 5 वर्षों में हर वर्ग के लिए बेहतरी से काम किया।

हिमाचल में भाजपा के ठाकुरों में छिड़ी है जंग : अलका लाम्बा
प्रदेश में भाजपा के ठाकुरों के बीच जंग चल रही है और जयराम ठाकुर, अनुराग ठाकुर, महेन्द्र ठाकुर व प्रो. प्रेम कुमार धूमल इसमें शामिल हैं। महेन्द्र सिंह भरे मंच से अनुराग ठाकुर को सबसे असफल केंद्रीय खेल मंत्री बताते हैं तो अनुराग ठाकुर अपने पिता धूमल के लिए टिकट की लड़ाई दिल्ली में लड़ रहे हैं। जयराम ठाकुर यह सोचकर अड़चनें लगा रहे हैं कि यदि धूमल को टिकट मिल गई और जीत गए तो मेरी कुर्सी हमेशा के लिए चली जाएगी। यह बात ऊना में पत्रकारवार्ता करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिमाचल की मीडिया प्रभारी अलका लाम्बा ने कही।

बिलासपुर के मयंक वैद ने ट्रैडमिल पर मैराथन कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
बिलासपुर शहर के साथ सटे नोआ गांव के रहने वाले मयंक वैद ने 10 दिनों में सबसे तेज और कम समय में ट्रैडमिल पर मैराथन कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करवाया है। उन्होंने इस रिकॉर्ड को हांगकांग में बनाया है। वे अपने परिवार के साथ हांगकांग में रहते हैं। मयंक वैद से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि मन में यदि कुछ कर गुजरने का विश्वास हो तो बाधाएं कोई मायने नहीं रखतीं।

दुलैहड़ गोलीकांड : एसपी ने किया खुलासा, आरोपियों ने इसलिए की थी रविंद्र सेठी की हत्या
दुलैहड़ गोलीकांड के तार अप्रैल माह में गांव में हुई मारपीट से जुड़े हैं। मारपीट रविन्द्र के साथ हुई थी या किसी और ग्रामीण के साथ, इसको लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। हत्याकांड के आरोपी रिशुपाल सिंह उर्फ मनी निवासी होशियारपुर (पंजाब) की दुलैहड़ में रिश्तेदारी है और वह यहां आता-जाता रहता था। अप्रैल में मनी की यहां लड़ाई हुई थी, जिसका वह अपने दोस्तों के साथ मिलकर बदला लेने के लिए यहां आया था। 11 सितम्बर को 2 बाइकों पर 6 लोग सवार होकर टाहलीवाल क्षेत्र में आए थे जोकि सीसीटीवी में कैद हुए हैं।

हमीरपुर में कार खाई में गिरी, शिक्षक की मौके पर मौत, दूसरा घायल
हमीरपुर के टौणीदेवी में गवारड़ू के पास शुक्रवार सुबह एक आल्टो गाड़ी पहाड़ी से गिर गई। इस हादसे में एक शिक्षक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतक शिक्षक अश्वनी कुमार पौहज स्कूल में टीजीटी नॉन मेडिकल तैनात थे जबकि घायल टीचर उसी स्कूल में लैक्चरर पद पर तैनात हैं।

धौलाकुआं में महिला ने की आत्महत्या, 8 महीने पहले की थी काेर्ट मैरिज
सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब के धौलाकुआं में एक महिला द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महिला मनजीत (19) ने 8 महीने पहले परिजनों की मर्जी के बिना धौलाकुआं में कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद मनजीत व उसका पति अलग रह रहे थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News