हिमाचल में बारिश ने बरपाया कहर, मलबे में दबकर एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Aug 21, 2022 - 07:27 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने काफी कहर बरपाया। मंडी जिले की काशन पंचायत में पहाड़ी धंसने से एक घर मलबे की चपेट में आकर गिर गया, जिसमें पंचायत प्रधान सहित परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। शिमला के ठियाेग में एक कार पर पत्थर गिरने से 2 पर्यटकों की मौत हो गई। वहीं हिमाचल को पंजाब से जोड़ने वाला चक्की रेल पुल भी भारी बारिश के चलते धराशायी हो गया है। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गिरिपार के हाटियों की मांग को पूरा करने की बात कही है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

पठानकोट-चम्बा NH पर सड़क धंसी, यात्रियों से भरी बस हवा में लटकी
पठानकोट-चम्बा-भरमौर नैशनल हाईवे पर पंजपुला में सड़क का एक हिस्सा अचानक डंगा बैठ जाने से धंस गया। इसके कारण लगभग 35 सवारियों को ले जा रही पंजाब डिपो की एक बस हवा में लट गई। गनीमत यह रही कि बस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई।

मंडी के काशन में भूस्खलन, पंचायत प्रधान सहित 8 लोग मलबे में दबे
मंडी जिला के नाचन क्षेत्र की पंचायत काशन के गांव झड़ोंन में शुक्रवार रात पहाड़ी धंसने से मलबे की चपेट में आया मकान जमींदोज हो गया। इस दर्दनाक हादसे में मकान के अंदर सोए पंचायत प्रधान खेम सिंह सहित उनके परिवार के 8 लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। इस घटना से समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। 

चुवाड़ी के चुड़ाना में मलबे में दबने से दंपति व बेटे की दर्दनाक मौत
जिला चम्बा के चुवाड़ी क्षेत्र के चुड़ाना गांव में घर के भीतर मलबा घुस जाने के कारण पति पत्नी तथा एक बेटे की मौत हो गई। इस दंपती का एक बेटा अपनी दादी के साथ पक्के मकान में सोया था। वह सुरक्षित बच गए। जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय चमारु उर्फ भोला, अपनी पत्नी बीना तथा बड़े बेटे अजय के साथ स्लेटपोश मकान में सोया था।

भाजपा पूरी करेगी हाटियों की 55 वर्ष पुरानी मांग : जेपी नड्डा
गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र घोषित करने के लिए सिरमौर का नेतृत्व मुझसेे से मिला था और सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। जल्द ही इस मांग को पूरा किया जाएगा। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कही। वह 75वें आजादी का अमृत महोत्सव पर पांवटा साहिब में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने आए थे।

Landslide की चपेट में आया मकान, ससुर की मलबे में दबकर मौत, दामाद लापता
मंडी जिला के औट थाना क्षेत्र के डुंगर गांव में पहाड़ी में हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मलबे में दबकर मौत हो गई जबकि एक लापता हो गया है। जानकारी के अनुसार डुंगर गांव निवासी चुड़ामणि (65) पुत्र मंगरु राम व उसका दामाद लाल दास (44) पुत्र प्रीतम सिंह निवासी गांव गैणी डाकघर खौलानाल तहसील बालीचौकी पहाड़ी पर स्थित लैंटरनुमा मकान मे सोए हुए थे। 

मणिमहेश यात्रा पर लगा 2 दिन का प्रतिबंध
खराब मौसम को देखते हुए पवित्र मणिमहेश यात्रा पर अगले 2 दिन प्रतिबंध रहेगा। किसी भी श्रद्धालु को यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए आदेश जारी कर दिए हैं। डीसी दुनी चंद राणा ने बताया कि भारी बारिश के कारण चम्बा जिले के मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ-साथ कई अन्य मार्ग को भी नुक्सान हुआ है। 

पनारसा-ज्वालापुर सड़क पर बाइक पर पहाड़ी से गिरे पत्थर, 2 की मौत
द्रंग विधानसभा क्षेत्र के पनारसा-ज्वालापुर सड़क पर पहाड़ी से बाइक पर पत्थर गिरने से 2 युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अजय कुमार (28) पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी गांव पव डाकघर कोट खमराधा तहसील औट और मनोहर लाल (29) पुत्र हेमराज निवासी गांव कोहली सेरी डाकघर पनारसा तहसील औट जिला मंडी के रूप में हुई है। 

चक्की खड्ड में भारी उफान से टूट गया रेलवे पुल
भारी बरसात के चलते चक्की खड्ड में आई बाढ़ के चलते हिमाचल-पंजाब बॉर्डर पर अंग्रेजों द्वारा करीब एक शताब्दी पहले बनाया गया चक्की रेलवे पुल शनिवार सुबह टूट गया है। करीब 2 हफ्ते पहले रेलवे पुल के दो पिल्लरों में दरारें आ गई थीं, जिसके बाद रेलवे के फिरोजपुर डिवीजन ने चक्की रेल पुल को असुरक्षित घोषित कर दिया था। 

बादल फटने से बजौरा नाले में आई बाढ़, बजौरा-कटौला मार्ग बंद
बजौरा से ऊपर कांडी के पास लकसाल गांव में बादल फटने से बजौरा नाले में आई बाढ़ के चलते चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों से पता चला है कि बादल फटने से आधा पानी ही बजौरा नाले में आया और यदि पूरा पानी आ जाता तो बहुत नुक्सान हो सकता था। जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 12 बजे बजौरा नाले में बाढ़ आ गई। 

भारी बारिश ने रोके एचआरटीसी बसों के पहिए, 800 रूट प्रभावित
हिमाचल में हुई भारी बारिश से एचआरटीसी बसों के पहिए थम गए हैं। प्रदेश में जगह-जगह भूस्खलन के कारण प्रदेश में कई सड़कों पर यातायात बंद हो गया है। यातायात बंद होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क मार्ग बंद होने से एचआरटीसी के 800 से ज्यादा रूट प्रदेशभर में बंद हैं। 

ठियोग में वाहन पर गिरे पत्थर, 2 पर्यटकों की मौत
ठियोग उपमंडल के तहत माईपुल के समीप शनिवार शाम हुए भूस्खलन के चलते एक वाहन की चपेट में आ जाने के कारण दो लोगों की मौत हो जाने की सूचना प्राप्त हुई है। मिली जानकारी के अनुसार वाहन (यूपी 16 बीएल-3131) में यूपी के 4 पर्यटक सफर कर रहे थे कि अचानक भूस्खलन होने के चलते माईपुल के समीप वाहन पर पत्थर आ गिरे, जिसके चलते दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हो गई।

मंडी के बागी में बादल फटने से आई बाढ़ में 6 लोग बहे, 2 बच्चियों के शव बरामद
जिला के मंडी-कटौला-पराशर मार्ग पर बागी नाला में बादल फटने से आई बाढ़ आने से भारी क्षति हुई है। बादल फटने के बाद बागी से पुराने कटौला तक दर्जनों परिवारों ने अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर रात गुजारनी पड़ी। इस तबाही में एक परिवार के 6 सदस्य बाढ़ में बहने से लापता हो गए। इनमें से 2 बच्चियों के शव बाद दोपहर घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर बरामद हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News