Kangra News: खेत में काम कर रहे व्यक्ति पर टूट पड़ा रंगड़ों का झुंड, अस्पताल पहुंचने से पहले थम गईं सांसें

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 05:55 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जिले के शाहपुर क्षेत्र के तहत आते बनाला गांव में खेतों में काम कर रहे एक व्यक्ति की रंगड़ों के हमले में मौत हो गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय प्रेम सिंह निवासी बनाला के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब प्रेम सिंह अपने खेत में एक पेड़ के नीचे काम कर रहा था। इसी दौरान पेड़ पर या उसके आसपास मौजूद रंगड़ों के एक झुंड ने अचानक प्रेम सिंह पर हमला कर दिया। रंगड़ों ने व्यक्ति को बुरी तरह काटना शुरू कर दिया, जिससे वह दर्द के मारे जोर-जोर से चिल्लाने लगा।

खेत से आ रही प्रेम सिंह की चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत आग जलाई और धुआं करके रंगड़ों को वहां से भगाने का प्रयास किया। लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद रंगड़ वहां से भाग तो गए, लेकिन उनके डंक लगने के कारण तब तक प्रेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत प्रेम सिंह को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रेम सिंह को मृत घोषित कर दिया। 

उधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरी घटना को लेकर आगामी जांच कर रही है। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार और पूरे बनाला गांव में मातम छा गया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News