हिमाचल को सेतु भारतम योजना के तहत केंद्र से मिलेंगे 300 करोड़

punjabkesari.in Thursday, Jul 20, 2023 - 09:24 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में ब्लैक स्पॉट की पहचान कर समाधान करने के दिए निर्देश
शिमला (भूपिन्द्र):
केंद्र हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाले राज्य लोक निर्माण विभाग के क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण के लिए सेतु भारतम योजना के तहत 300 करोड़ रुपए प्रदान करेगा। इससे संबंधित आश्वासन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मत्री नितिन गडकरी ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को दिया है। वीरवार को सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर उन्हें हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फ टने से राष्ट्रीय राजमार्गों को हुए नुक्सान से अवगत करवाया। 

सड़कों एवं पुलों के पुन: निर्माण के लिए वित्तीय राशि उपलब्ध करवाने का आग्रह
विक्रमादित्य ने केन्द्रीय मंत्री को प्रदेश में विभिन्न सड़कों एवं पुलों को हुए भारी नुक्सान से भी अवगत करवाया तथा इनके पुन: निर्माण के लिए वित्तीय राशि शीघ्र उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने पंडोह, भुंतर, कुल्लू, रायसन, कटराईं और मनाली क्षेत्र के पुलों के अलावा मनाली-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग, नालागढ़ पुल और प्रदेश लोक निर्माण विभाग के अन्य पुलों और सड़कों की शीघ्र बहाली और मुरम्मत करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यातायात को सुचारू करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों को जोडऩे वाली सड़कों एवं पुलों तथा चक्की पठानकोट पुल को तत्काल बहाल करने और मुरम्मत करने की आवश्यकता है। इस पर केन्द्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर ब्लैक स्पॉट की पहचान कर समस्या का स्थायी समाधान करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने राज्य लोक निर्माण विभाग के पुलों की बहाली एवं मुरम्मत के लिए धन उपलब्ध करवाने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए ताकि राज्य लोक निर्माण विभाग की सड़कों को वैकल्पिक सड़कों के रूप में राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ा जा सके।

मंडी संसदीय क्षेत्र में हुए नुक्सान को लेकर सौंपा ज्ञापन
सांसद प्रतिभा सिंह ने नितिन गडकरी को मंडी संसदीय क्षेत्र में हुए भारी नुक्सान को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कीरतपुर-मनाली फोरलेन प्रोजैक्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। यह सड़क जनमानस सहित सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। साथ ही प्रतिभा सिंह ने गडकरी से टिक्कर-जरोल-गाहन-ननखड़ी-खमाड़ी सड़क के अपग्रेडेशन का भी आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इसकी 108.33 करोड़ रुपए की डीपीआर उनके मंत्रालय को पहले ही भेजी जा चुकी है। उन्होंने चैलचौक-गोहर-पंडोह सड़क व नेरचौक-रत्ती-कलखर सड़क के सुधार व अपग्रेडेशन का भी आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News