राजेंद्र राणा व चैतन्य शर्मा को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे, राजीव शुक्ला ने 2 कार्यकारी अध्यक्षों को सौंपा दायित्व, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Mar 29, 2024 - 12:47 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मनाली पर्यटन नगरी मनाली सहित लाहौल में मौसम ने फिर से करवट बदल ली है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के 2 निर्णयों (कर्नाटक एवं मध्य प्रदेश) के आधार पर विधानसभा अध्यक्ष को 3 निर्दलीय विधायकों होशियार सिंह, केएल ठाकुर एवं आशीष शर्मा के इस्तीफों को स्वीकार करना चाहिए। भाजपा में शामिल होने के बाद अपने विधानसभा हलकों सुजानपुर व गगरेट पहुंचे राजेंद्र राणा व चैतन्य शर्मा का जहां भाजपा की तरफ से स्वागत किया गया तो वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए। कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला ने लोकसभा तथा विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस के 2 नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्षों संजय अवस्थी तथा चंद्रशेखर को दायित्व सौंपा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने कहा कि मैंने अपनी बात कही है। अब नेता प्रतिपक्ष उस बात को आगे रखेंगे। कांग्रेस हिमाचल में लोकसभा चुनाव व विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा एक सप्ताह में कर देगी। मनाली के जगतसुख में कालू नाला में हिमस्खलन आने से जेसीबी ऑप्रेटर बर्फ की चपेट में आने से लापता हो गया है। शिमला जिला के उपमंडल रोहड़ू के अंतर्गत आते नावर क्षेत्र की ग्राम पंचायत शरोंथा के बरेष्टू गांव में वीरवार शाम को एक मकान में अचानक आग लग गई। चम्बा जिले के उपमंडल सलूणी में कॉलेज छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

मौसम ने बदली करवट, रोहतांग दर्रे सहित ऊंची चोटियों पर हिमपात
मनाली पर्यटन नगरी मनाली सहित लाहौल में मौसम ने फिर से करवट बदल ली है। वीरवार दोपहर बाद रोहतांग दर्रे सहित समस्त ऊंची चोटियों में हिमपात का क्रम शुरू हो गया है। पर्यटन नगरी मनाली में दिनभर बादल छाए रहे। मनाली सहित लाहौल में सुबह हल्की धूप खिली लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और ऊंची चोटियों में हिमपात का क्रम शुरू हो गया। 

सुप्रीम कोर्ट के 2 निर्णयों के अनुसार स्वीकारने चाहिए निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे : राज्यपाल
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के 2 निर्णयों (कर्नाटक एवं मध्य प्रदेश) के आधार पर विधानसभा अध्यक्ष को 3 निर्दलीय विधायकों होशियार सिंह, केएल ठाकुर एवं आशीष शर्मा के इस्तीफों को स्वीकार करना चाहिए। इन निर्णयों में कहा गया है कि यदि कोई विधायक विधानसभा अध्यक्ष के पास व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर इस्तीफा देता है तो उसे स्वीकार किया जाना चाहिए। 

जय श्री राम के नारों के बीच राजेंद्र राणा का हुआ जोरदार स्वागत, बोले-वेंटिलेटर पर है सुक्खू सरकार
सुजानपुर से जीत की हैट्रिक जमा चुके राजेंद्र राणा का भाजपा में शामिल होने के बाद आज पहली बार अपने विधानसभा हलके में पहुंचने पर हजारों लोगों की भीड़ ने जय श्री राम के नारों के साथ भव्य स्वागत किया। उनके स्वागत कार्यक्रम में सुजानपुर का पूरा भाजपा मंडल मौजूद रहा। कार्यक्रम में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा के प्रभारी पूर्व मंत्री विक्रम ठाकुर और नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री भी शामिल हुए।

चैतन्य शर्मा का गगरेट में स्वागत, जयराम बोले-कांग्रेस सरकार चंद दिनों की मेहमान
भाजपा में शामिल होने के बाद करीब एक माह उपरांत गगरेट विधानसभा क्षेत्र में पहली बार आगमन पर पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा का अम्ब बाजार से लेकर बड़ा तालाब भंजाल तक अलग-अलग स्थानों पर भाजपा कार्यकर्त्ताओं व उनके समर्थकों द्वारा स्वागत किया गया। विधानसभा क्षेत्र में आगमन पर पार्टी कार्यकर्त्ताओं को एकजुट बनाए रखने...

सुजानपुर पहुंचे राजेंद्र राणा को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे
राज्यसभा चुनाव में क्राॅस वोटिंग और भाजपा में शामिल होने के बाद अपने हलके सुजानपुर लौटे कांग्रेस के बागी नेता राजेंद्र राणा काे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। सुजानपुर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा की अगुवाई में अणु चौक पर पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर काले झंडे दिखाकर विरोध जताया तथा कांग्रेस पार्टी को धोखा देने के विरोध में नारेबाजी की।

चैतन्य शर्मा के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, अम्ब में फूंका पुतला
वीरवार को अपने विधानसभा क्षेत्र गगरेट लौटे कांग्रेस के बागी व भाजपा प्रत्याशी चैतन्य शर्मा के खिलाफ रेलवे स्टेशन अम्ब-अन्दौरा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और इसके बाद उनका पुतला भी फूंका। हाथों में काले झंडे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता उनका रेलवे स्टेशन पर इन्तजार करते रहे लेकिन चैतन्य शर्मा अम्ब-अन्दौरा रेलवे स्टेशन पर नहीं उतरे और ऊना से सड़क मार्ग से होते हुए अम्ब से आगे निकले। 

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने कार्यकारी अध्यक्ष संजय अवस्थी व चंद्रशेखर को सौंपा ये दायित्व
कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला ने लोकसभा तथा विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस के 2 नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्षों संजय अवस्थी तथा चंद्रशेखर को दायित्व सौंपा है। इसके तहत ये दोनों कार्यकारी अध्यक्ष एआईसीसी (अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी) से समन्वय करने के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यों में सहयोग करेंगे। 

कांग्रेस एक सप्ताह में करेगी प्रत्याशियों की घोषणा : प्रतिभा सिंह
कांग्रेस हिमाचल में लोकसभा चुनाव व विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा एक सप्ताह में कर देगी। चंडीगढ़ के बाद अब दिल्ली में कांग्रेस की बैठक 4 व 5 अप्रैल को होनी है। इसमें प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपना पक्ष पार्टी हाईकमान के समक्ष रखेंगे। इसमें पार्टी हाईकमान क्या निर्णय लेता है, उसके बाद आगामी कदम उठाया जाएगा। 

महेश्वर सिंह बोले-अब पहले जैसी नहीं रही भाजपा, ऐसे ही होते इनके सर्वे
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने कहा कि मैंने अपनी बात कही है। अब नेता प्रतिपक्ष उस बात को आगे रखेंगे। बीते रोज पंडोह में हुई भाजपा से रुष्ट चल रहे नेताओं की बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि मुझे पता नहीं है कि किसने और क्यों बैठक की। महेश्वर सिंह वीरवार को सुल्तानपुर स्थित अपने आवास में पंजाब केसरी से बातचीत कर रहे थे।

मनाली: कालू नाला में हिमस्खलन की चपेट में आकर कांगड़ा का व्यक्ति लापता, सर्च ऑप्रेशन शुरू
मनाली के जगतसुख में कालू नाला में हिमस्खलन आने से जेसीबी ऑप्रेटर बर्फ की चपेट में आने से लापता हो गया है। इस नाले में कालू नाला टॉप कंपनी 5 मैगावाट का विद्युत प्रोजैक्ट लगा रही है। यह व्यक्ति इसी प्रोजैक्ट में कार्यरत है। हिमस्खलन में लापता हुए व्यक्ति की पहचान रमेश कुमार (40) पुत्र देश राज गांव मोरुछ डाकघर मोह, दरिणी जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

रोहड़ू में आग की भेंट चढ़ा 40 कमरों का मकान, 7 परिवार हुए बेघर
शिमला जिला के उपमंडल रोहड़ू के अंतर्गत आते नावर क्षेत्र की ग्राम पंचायत शरोंथा के बरेष्टू गांव में वीरवार शाम को एक मकान में अचानक आग लग गई। इस घटना में 7 परिवार बेघर हो गए। आग से खाद्य सामग्री सहित घर में रखा सारा सामान स्वाह हो गया। आग से कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। सड़क संकरी होने के चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक पहुंचने में नाकाम रही। 

सलूणी में काॅलेज छात्रा के साथ हैवानियत की हदें पार, आरोपी ने जंगल में दिया वारदात को अंजाम
चम्बा जिले के उपमंडल सलूणी में कॉलेज छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक फरार है। वहीं पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि वह जंगल के रास्ते से होकर सलूणी कॉलेज जाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News