कांग्रेस के 6 बागी और 3 निर्दलीय विधायक बीजेपी में शामिल, राकेश कालिया ने भाजपा से दिया त्यागपत्र, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Mar 24, 2024 - 12:28 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): कांग्रेस के 6 बागी और 3 निर्दलीय विधायकों ने शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बागी नेताओं पर निशाना साधा है। भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस के 6 बागी और 3 निर्दलीय विधायक शनिवार शाम को शिमला के पीटरहॉफ पहुंचे। कांग्रेस के बागी पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा के भाजपा का दामन थमते ही प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य व कांग्रेस टिकट से तीन बार विधायक रहे राकेश कालिया ने भाजपा से त्याग पत्र दे दिया है। राज्य सरकार की तरफ से मंत्रिमंडलीय उप समिति गठित की गई है। युवा कांग्रेस ने शनिवार को शिमला में केंद्र सरकार और भाजपा का दामन थामने वाले 6 बागी नेताओं के खिलाफ प्रर्दशन का आयोजन किया। बाॅलीवुड क्वीन कंगना रणौत अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य पर शनिवार को विश्वविख्यात प्राचीन सिद्धपीठ श्री बगलामुखी मन्दिर बनखंडी पहुंचीं। भगवान रघुनाथ की नगरी कुल्लू में छोटी होली पर वैरागी महंतों की टोलियों ने शहर में जमकर गुलाल उड़ाया। भागसूनाग में फगवाड़ा के युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करीब 40 लाख रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने चंडीगढ़ से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में कांग्रेस को बड़ा झटका, छह बागी और तीन निर्दलीय विधायक बीजेपी में हुए शामिल
हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ते राजनीतिक संकट के बीच कांग्रेस के छह पूर्व विधायक शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उन्हें कांग्रेस के एक व्हिप की अवज्ञा करने के बाद विधायक पद से अयोग्य करार दिया गया था। वे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव बिंदल की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हो गए।

आया राम-गया राम करने वालों ने जनादेश से धोखा कर चुन लिया अपना ठिकाना : सुक्खू
हिमाचल में जारी सियासी घटनाक्रम के बीच आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर भी जारी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बागी नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि आया राम-गया राम और धनबल की राजनीति करने वालों ने देवभूमि के जनादेश से धोखा कर आज अपना ठिकाना चुन लिया। 

BJP में शामिल होने के बाद शिमला पहुंचे कांग्रेस के बागी और निर्दलीय विधायक, सरकार पर साधा निशाना
भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस के 6 बागी और 3 निर्दलीय विधायक शनिवार शाम को शिमला के पीटरहॉफ पहुंचे। शिमला पहुंचने पर उनका भाजपा की तरफ से शॉल व टोली पहनाकर स्वागत किया गया। वहीं राज्यसभा चुनाव जीतने वाले हर्ष महाजन का भी स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा नेता, विधायक व कार्यकर्ताओं ने पीटरहॉफ में डाली नाटी। 

राकेश कालिया ने भाजपा से दिया त्यागपत्र, बोले-जनता के साथ चर्चा कर उठाएंगे अगला कदम
कांग्रेस के बागी पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा के भाजपा का दामन थमते ही प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य व कांग्रेस टिकट से तीन बार विधायक रहे राकेश कालिया ने भाजपा से त्याग पत्र दे दिया है। इसे लेकर गगरेट की राजनीतिक में भी दिलचस्प मोड़ आ गया है। हालांकि उन्होंने अभी तक किसी अन्य राजनीतिक दल का दामन नहीं थामा है।

राजनीतिक मामलों को लेकर सरकार ने बनाई कैबिनेट सब-कमेटी, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री होंगे अध्यक्ष
हिमाचल प्रदेश में पल-पल बदल रहे सियासी घटनाक्रम के बीच राज्य सरकार की तरफ से मंत्रिमंडलीय उप समिति गठित की गई है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता वाली यह उप समिति राजनीतिक मामलों (आर्थिक एवं राजनीतिक मुद्दे) का प्रमुख रूप से आकलन करेगी। प्रदेश सरकार के 3 मंत्री चंद्र कुमार, हर्षवर्धन चौहान एवं जगत सिंह नेगी इसके सदस्य होंगे। 

केंद्र के साथ ही बागियों के खिलाफ भड़की युवा कांग्रेस, शिमला में निकाली विरोधी रैली
युवा कांग्रेस ने शनिवार को शिमला में केंद्र सरकार और भाजपा का दामन थामने वाले 6 बागी नेताओं के खिलाफ प्रर्दशन का आयोजन किया। इसी कड़ी में युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय राजीव भवन से लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय एक विरोध रैली भी निकाली गई। इस दौरान युकां और एनएसयूआई कार्यकर्त्ताओं ने केंद्र और बागी नेताओं के खिलाफ नारेबाजी भी की। 

बगलामुखी मंदिर पहुंचीं अभिनेत्री कंगना रणौत, लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कही ये बात
बाॅलीवुड क्वीन कंगना रणौत अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य पर शनिवार को विश्वविख्यात प्राचीन सिद्धपीठ श्री बगलामुखी मन्दिर बनखंडी पहुंचीं। यहां उन्होंने विधिपूर्वक मां बगलामुखी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मां के दर्शनों के उपरांत कंगना ने हवन यज्ञ भी करवाया।

भगवान रघुनाथ की नगरी कुल्लू में छोटी होली पर जमकर उड़ा गुलाल
भगवान रघुनाथ की नगरी कुल्लू में होली उत्सव 2 दिन पहले ही मनाया जाता है। यहां पर शनिवार को छोटी होली वैरागी महंतों की टोलियों ने शहर में ढोल-नगाड़ों के साथ धूमधाम से मनाई और एक-दूसरे पर जमकर गुलाल उड़ाया। छोटी होली को समुदाय के लोग कुल्लू शहर में देवता ध्रुव ऋषि के झंडे के साथ शहर में लोगों के घर-घर जाकर होली खेलते हैं।

भागसूनाग में फगवाड़ा के युवक की हत्या मामले में 3 और गिरफ्तार
भागसूनाग पार्किंग के साथ दुकान में कहासुनी के बाद पंजाब के पर्यटकों के साथ मारपीट के दौरान युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को गिरफ्तार किए 3 आरोपियों में से 2 टैक्सी चालक और एक दुकानदार है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। 

सोलन पुलिस ने 40 लाख रुपए की ठगी मामले में चंडीगढ़ से दबोचा आरोपी
करीब 40 लाख रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने चंडीगढ़ से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि जनवरी, 2023 में थाना सदर सोलन में श्याम सुन्दर गुप्ता निवासी सोलन ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 15 अप्रैल, 2010 को उसने कोटलानाला स्थित भारती एएक्सए लाइफ ब्राउट प्लस नामक कंपनी में कार्यरत कर्मचारी मोहन सिंह रावत के माध्यम से एक इश्योरैंस पाॅलिसी करवाई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News