कांग्रेस के 6 बागियों की विधानसभा सदस्यता समाप्त, सुखविंदर सिंह सुक्खू बने रहेंगे हिमाचल के सीएम, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Mar 01, 2024 - 12:15 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य में शुक्रवार से मौसम करवट बदलेगा और 2 दिन भारी बर्फबारी व बारिश होने की संभावना है। हिमाचल में कांग्रेस के 6 बागी विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। विधानसभा की सदस्यता गंवाने वाले कांग्रेस के 6 बागी विधायकों के साथ भाजपा खड़ी रहेगी। कनार्टक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि प्रदेश में भाजपा जो भी ऑप्रेशन चला ले, उसे सफलता मिलनी वाली नहीं है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि प्रदेश भाजपा ने जिस ओछी राजनीति का परिचय दिया है, उसको प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। मुख्यमंत्री अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल बैठक में कई बड़े निर्णय लिए गए। प्रदेश कांग्रेस में चले घमासान के बीच जिला मुख्यालय धर्मशाला में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं और पूर्व विधायक सुधीर शर्मा के समर्थकों के बीच झड़प हुई। लाहौल-स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर की मनाली के रांगड़ी में पुश्तैनी जमीन को जोड़ने वाली सड़क को वन विभाग ने बंद कर दी है। नाहन के गुन्नुघाट में ज्वलनशील पदार्थ से भरे गोदाम में आग लगने से लाखों रुपए का नुक्सान हो गया। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल के 8 जिलों में जमकर बरसेंगे मेघ, 2 दिन भारी बर्फबारी-बारिश का ऑरैंज अलर्ट
राज्य में शुक्रवार से मौसम करवट बदलेगा और 2 दिन भारी बर्फबारी व बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 8 जिलों लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चम्बा, ऊना, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के कुछ हिस्सों में भारी बर्फबारी व बारिश, जबकि निचले व मध्य क्षेत्रों में गरज के साथ ओलावृष्टि और आसमानी बिजली गिरने की संभावना जताई है। 

कांग्रेस के 6 बागी विधायक अयोग्य घोषित, व्हिप के उल्लंघन पर एक्शन
हिमाचल में कांग्रेस के 6 बागी विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। राजिंदर राणा, सुधीर शर्मा, इंद्रदत्त लखनपाल, रवि ठाकुर, चैतन्य शर्मा और दविंदर भुट्टो सहित छह कांग्रेस विधायकों को हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के लिए निलंबित कर दिया है। स्पीकर ने इन सभी विधायकों को विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहरा दिया है। 

सुखविंदर सिंह सुक्खू बने रहेंगे हिमाचल के CM, कांग्रेस ने साफ किया रुख
हिमाचल सरकार पर छाए संकट के बादल फिलहाल छट गए हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। कांग्रेस पार्टी की ओर से यह जानकारी दी गई। बता दें कि राज्यसभा के चुनाव में कांग्रेस के छह विधायकों ने बगावती तेवर अपना लिए थे। इसके बाद तीन दिनों तक लगातार हिमाचल में सियासी उठापठक की खबरें सामने आईं थी। 

विधानसभा की सदस्यता गंवाने वाले कांग्रेस के 6 बागियों को मिला BJP का साथ
विधानसभा की सदस्यता गंवाने वाले कांग्रेस के 6 बागी विधायकों के साथ भाजपा खड़ी रहेगी। इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष की तरफ से निर्णय की प्रति मिलने के बाद इसका अध्ययन किया जाएगा, जिसके बाद शुक्रवार को हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जा सकता है। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में यहां हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में इसको लेकर रणनीति तैयार की गई।

हिमाचल में भाजपा का मिशन लोटस फेल, कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट : डीके शिवकुमार
हिमाचल में राज्यसभा चुनाव के बाद उपजे सियासी विवाद को सुलझाने में कांग्रेस हाईकमान की तरफ से पर्यवेक्षक के रूप में भेजे गए कनार्टक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंदर सिंह हुड्डा काफी हद तक सफल रहे हैं। मुख्यमंत्री के शिमला स्थित सरकारी आवास ओकओवर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कनार्टक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि प्रदेश में भाजपा जो भी ऑप्रेशन चला ले, उसे सफलता मिलनी वाली नहीं है। 

भाजपा ने की ओछी राजनीति, हम शराफत में ज्यादा रहे : सुक्खू
प्रदेश भाजपा ने जिस ओछी राजनीति का परिचय दिया है, उसको प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को ओकओवर में आयोजित पत्रकार वार्ता में ये बात कही। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव पहले टाई हो गया था और बाद में पर्ची से परिणाम निकला। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद भाजपा ने ऐसी भ्रांतियां फैलाने का काम किया कि सरकार गिर जाएगी। 

140 आयुर्वैदिक चिकित्सा अधिकारियों की होगी नियुक्ति, अपनी पसंद का लैपटॉप ले सकेंगे मेधावी विद्यार्थी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल बैठक में प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए 140 आयुर्वैदिक चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति करने की मंजूरी प्रदान की गई। इसके तहत अब आधी भर्ती कठिन एवं दुर्गम क्षेत्रों तथा शेष अन्य स्थानों पर हो सकेगी। मंत्रिमंडल ने श्रीनिवास रामानुजन डिजिटल डिवाइस योजना के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को 25 हजार रुपए तक की राशि तक प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण पद्धति अपनाने को स्वीकृति प्रदान की गई।

धर्मशाला में कांग्रेस और सुधीर समर्थकों के बीच झड़प, डेढ़ घंटे तक तनावपूर्ण रहा माहौल
प्रदेश कांग्रेस में चले घमासान के बीच वीरवार को जिला मुख्यालय धर्मशाला में भी कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं और पूर्व विधायक सुधीर शर्मा के समर्थकों के आमने-सामने आने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। दोनों तरफ से शुरू हुई नारेबाजी हल्की झड़प में भी तबदील हुई लेकिन मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने दोनों गुटों के समर्थकों की झड़प को ज्यादा नहीं बढ़ने दिया और इसे शांत करवाया।

पंचायती राज संस्थाओं व स्थानीय शहरी निकाय के प्रतिनिधियों का मानदेय बढ़ा
हिमाचल प्रदेश में चल रही सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही सरकार ने वित्तीय वर्ष, 2024-25 की घोषणाओं पर अमल करना शुरू कर दिया है। उद्योग एवं संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने मंत्रिमंडल बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में देर सायं हुई बैठक में पंचायती राज संस्थाओं व स्थानीय शहरी निकाय के प्रतिनिधियों के मानदेय में 1 अप्रैल, 2024 से बढ़ौतरी करने का निर्णय लिया है। 

वन विभाग ने पूर्व विधायक रवि ठाकुर की जमीन को जाने वाली सड़क पर लगाई दीवार
लाहौल-स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर की मनाली के रांगड़ी में पुश्तैनी जमीन को जोड़ने वाली सड़क वीरवार को वन विभाग ने बंद कर दी है। वन विभाग की टीम के रांगड़ी पहुंचते ही माहौल गर्मा उठा। हालांकि वन विभाग का कहना है कि यह मामला पुराना है, लेकिन मनाली में चर्चा यह चल पड़ी कि सरकार का साथ न देने से यह कार्रवाई की गई है। 

नाहन के गुन्नुघाट में ज्वलनशील पदार्थ से भरे गोदाम में लगी आग, लाखों का नुक्सान
जिला मुख्यालय एवं शहर के गुन्नुघाट में गोदाम में रखा सामान जलकर राख हो गया। वहीं दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कोई जानी नुक्सान तो नहीं हुआ लेकिन गोदाम मालिक का लाखों का सामान जलकर राख हो गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News