1200 से अधिक कांस्टेबल-महिला सब इंस्पैक्टर की होगी भर्ती, पेड़ काटने पर NHAI और सरकार हाईकोर्ट तलब, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Thursday, Nov 16, 2023 - 12:13 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में आगामी सप्ताह से मौसम एक बार फिर करवट बदल सकता है। प्रदेश पुलिस विभाग में 1200 से अधिक कांस्टेबल और महिला सब-इंस्पैक्टर की भर्ती की जाएगी। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के लिए प्रदेश की 5 पंचायतों का चयन किया है। प्रदेश हाईकोर्ट ने शिमला-कांगड़ा राष्ट्रीय उच्च मार्ग के विस्तारीकरण के लिए काटे जा रहे पेड़ों का कड़ा संज्ञान लेते हुए एनएचएआई और प्रदेश सरकार से जवाब तलब किया है। सोलन सहित 4 नगर निगम में मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव फिर लटक गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा है कि धर्मशाला के तपोवन में शीतकालीन सत्र को आयोजन करने के संदर्भ में राज्य सरकार की तरफ से 2 प्रस्ताव आए हैं। शिमला से जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की सभी गारंटियां पूरी तरह झूठ हैं। एचआरटीसी प्रबंधन ने ढली डिपो के तहत एक परिचालक को लापरवाही बरतने पर संस्पैंड कर दिया है। नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गगरेट पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं ऊना जिला के उपमंडल हरोली के गांव घालूवाल में हुई फायरिंग के मामले में लगभग आधे महीने बाद 6 लोग पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
शिमला से भी ठंडी इन 3 जिलों की रातें, 19 नवम्बर से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
हिमाचल में आगामी सप्ताह से मौसम एक बार फिर करवट बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 19 नवम्बर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी व मध्यम व मैदानी इलाकों पर वर्षा होने की संभावनाएं हैं। हालांकि 21 नवम्बर तक मौसम के साफ व शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है।
पुलिस विभाग में 1200 कांस्टेबल-महिला सब इंस्पैक्टर की होगी भर्ती : मुख्यमंत्री
प्रदेश पुलिस विभाग में 1200 से अधिक कांस्टेबल और महिला सब-इंस्पैक्टर की भर्ती की जाएगी। बुधवार को गृह विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ये बात कही। उन्होंने कहा कि साथ ही पुलिस विभाग के आधुनिकीकरण के लिए राज्य सरकार पर्याप्त धन उपलब्ध करवाएगी।
सांसद आदर्श ग्राम योजना: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश की 5 पंचायतों का किया चयन
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के लिए प्रदेश की 5 पंचायतों का चयन किया है। अब जिला प्रशासन व सरकारी विभागों पर इन ग्राम पंचायतों में विकास की गति को तेज करने की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने जिला सोलन की धर्मपुर विकास खंड की मंडेसर ग्राम पंचायत का चयन किया है।
शिमला-कांगड़ा NH के विस्तारीकरण के लिए काटे पेड़ों पर NHAI और सरकार से जवाब तलब
प्रदेश हाईकोर्ट ने शिमला-कांगड़ा राष्ट्रीय उच्च मार्ग के विस्तारीकरण के लिए काटे जा रहे पेड़ों का कड़ा संज्ञान लेते हुए एनएचएआई और प्रदेश सरकार से जवाब तलब किया है। मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव सहित वन एवं पीडब्ल्यूडी विभाग के सचिव और जिलाधीश कांगड़ा को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
सोलन सहित 4 नगर निगम में मेयर-डिप्टी मेयर का फिर लटका चुनाव, जानिए क्या है वजह
सोलन सहित 4 नगर निगम में मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव फिर लटक गए हैं। अब चुनाव की घोषणा को लेकर सरकार से क्लैरीफिकेशन मांगी गई है। इससे पूर्व विधायक के वोट को लेकर मंडी व सोलन के डीसी ने सरकार से क्लैरीफिकेशन मांगी थी। इसके कारण पहले यह चुनाव लटका रहा।
धर्मशाला के तपोवन में 18 से 25 दिसम्बर तक हो सकता है शीतकालीन सत्र : कुलदीप पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा है कि धर्मशाला के तपोवन में शीतकालीन सत्र को आयोजन करने के संदर्भ में राज्य सरकार की तरफ से 2 प्रस्ताव आए हैं। इसके तहत पहला प्रस्ताव 11 से 17 दिसम्बर एवं दूसरा प्रस्ताव 18 से 25 दिसम्बर सुझाया गया है। उनकी इस संदर्भ में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना से भी चर्चा हुई।
हिमाचल के बाद अब फिर से 5 प्रदेशों के लोगों को ठगने निकले हैं कांग्रेस नेता : जयराम ठाकुर
कांग्रेस की सभी गारंटियां पूरी तरह झूठ हैं। बुधवार को शिमला से जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि करीब 11 महीने पहले हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव हुए थे, जिसमें कांग्रेस ने राजस्थान की तरह ही गारंटियां दी थीं।
ड्यूटी में कोताही बरतना HRTC कंडक्टर को पड़ा महंगा, निगम प्रबंधन ने किया सस्पैंड
एचआरटीसी प्रबंधन अब ड्यूटी के दौरान चालक-परिचालकों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा। बसों में लोगों को सेवाएं देने को लेकर निगम प्रबंधन सख्त हो गया है। इसी के चलते ढली डिपो के तहत जुन्गा-शिमला रूट पर एचआरटीसी परिचालक की लापरवाही पाए जाने पर प्रारंभिक जांच के बाद निगम प्रबंधन ने उसे संस्पैंड कर दिया है।
पुलिस ने पिकअप जीप व कार से पकड़ी चिट्टे की खेप, महिला सहित 4 गिरफ्तार
मादक द्रव्य पदार्थों की तस्करी के खिलाफ गगरेट पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी के चलते बुधवार को पुलिस ने 4 लोगों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पहले मामले गगरेट पुलिस ने थाना प्रभारी सनी गुलेरिया के नेतृत्व में होशियारपुर मार्ग पर नाका लगाया हुआ था।
घालूवाल में फिरौती के लिए हुई फायरिंग मामले में 6 गिरफ्तार, वाहन सहित पिस्टल व रौंद बरामद
ऊना जिला के उपमंडल हरोली के गांव घालूवाल में हुई फायरिंग के मामले में लगभग आधे महीने बाद 6 लोग पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। इसकी जानकारी बुधवार को जिला पुलिस प्रमुख अर्जित सेन ठाकुर ने प्रैसवार्ता के दौरान दी। उनके साथ डीएसपी हरोली मोहन रावत व हरोली थाने के प्रभारी सुनील संख्यान भी मौजूद रहे।