हिमाचल में बादल फटने की घटनाओं का होगा अध्ययन, क्रिप्टो करंसी फ्रॉड मामले के मुख्य आरोपी को देश लाने की तैयारी, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Friday, Oct 13, 2023 - 11:27 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 5 दिन मौसम खराब रहेगा। हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की बढ़ती घटनाओं का अध्ययन किया जाएगा। करोड़ों रुपए के क्रिप्टो करंसी फ्रॉड मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे सुभाष को देश में लाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। विजिलैंस की टीम ने एक पटवारी को 5000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। चीन के हवांगझाऊ में आयोजित एशियन खेलों के स्वर्ण पदक विजेता हिमाचली खिलाड़ियों को सरकार 15-15 लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान करेगी। प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य भर में नदी-नालों अथवा झरनों में कूड़े-कचरे की डंपिंग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। बाहरी राज्यों से टैक्सी, मैक्सी और बसों में पर्यटकों व यात्रियों को हिमाचल लाने वाले टैक्सी-मैक्सी ऑप्रेटरों के लिए राहत भरी खबर है। वर्ल्ड ग्रैपलिंग चैंपियनशिप के लिए चयनित 10 खिलाड़ियों की मदद के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाथ बढ़ाया है। कसौली में 3 दिवसीय लिटरेचर फैस्टीवल का आगाज हो गया है, जो 15 अक्तूबर तक चलेगा। कीतरपुर-मनाली फोरलेन के क्षतिग्रस्त भाग के डिजाइन में बदलाव किया जाएगा। पुलिस ने हनीट्रैप मामले में दोषी चल रहे महिला व युवक पर जाली दस्तावेज पेश करने का मामला दर्ज किया है। सिरमौर जिले की एक महिला की हरियाणा के मुलाना अस्पताल में डेंगू से मौत हो गई है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 5 दिन खराब रहेगा मौसम, 15 और 16 अक्तूबर को यैलो अलर्ट जारी
हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 5 दिन मौसम खराब रहेगा। इस दौरान बारिश और बर्फबारी के आसार हैं जबकि 15 और 16 अक्तूबर को यैलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 19 अक्तूबर से मौसम के साफ व शुष्क रहने की उम्मीद है।
हिमाचल में बादल फटने की घटनाओं का होगा अध्ययन : सुक्खू
हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की बढ़ती घटनाओं का अध्ययन किया जाएगा क्योंकि राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा सरकार प्रदेश में सुरक्षित भवन निर्माण के दृष्टिगत विभिन्न उपायों पर चर्चा के साथ ही इन्हें अमल में लाने के लिए कड़े कानून बनाने पर विचार कर रही है।
क्रिप्टो करंसी फ्रॉड मामले के मुख्य आरोपी को देश लाने की तैयारी में पुलिस : डीजीपी
करोड़ों रुपए के क्रिप्टो करंसी फ्रॉड मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे सुभाष को देश में लाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत अब पुलिस ने यूएई में संबंधित एजैंसी से संपर्क साधा है। पुलिस इस मामले को लेकर सुभाष के खिलाफ लुक आऊट नोटिस भी जारी करेगी।
मैहतपुर में विजिलैंस ने 5000 रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा पटवारी
विजिलैंस की टीम ने एक पटवारी को 5000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। आरोपी पटवारी के खिलाफ विजिलैंस ने विभिन्न धराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एशियन खेलों में स्वर्ण पदक विजेता हिमाचली खिलाड़ियों को मिलेंगे 15-15 लाख रुपए
हाल ही में चीन के हवांगझाऊ में आयोजित एशियन खेलों के स्वर्ण पदक विजेता हिमाचली खिलाड़ियों को सरकार 15-15 लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान करेगी। 29 सितम्बर से 8 अक्तूबर, 2023 तक आयोजित एशियन खेलों में हिमाचल के 6 खिलाड़ी पदक विजेताओं में शामिल रहे जबकि 7 अन्य खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया।
नदी-नालों अथवा झरनों में कूड़े-कचरे की डंपिंग पर तत्काल प्रभाव से लगे रोक : हाईकोर्ट
प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य भर में नदी-नालों अथवा झरनों में कूड़े-कचरे की डंपिंग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। कोर्ट ने प्रदेश के सभी नगर निकायों और ग्रामीण स्थानीय निकायों के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को इन आदेशों की अनुपालना की जिम्मेदारी दी है।
बाहरी राज्यों से हिमाचल आने वाली टैक्सियों व बसों की टैक्स प्रणाली में होगा बदलाव
बाहरी राज्यों से टैक्सी, मैक्सी और बसों में पर्यटकों व यात्रियों को हिमाचल लाने वाले टैक्सी-मैक्सी ऑप्रेटरों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार बाहरी राज्यों से आने वाली टैक्सियों और बड़ी गाड़ियों के लिए टैक्स प्रणाली में बदलाव करेगी। ऐसे में यह टैक्स अब कम हो सकता है।
जनता दरबार में पहुंचे सैंकड़ों फरियादी, सीएम सुक्खू ने किसी को नहीं किया निराश
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के ओकओवर में लगे जनता दरबार में शुक्रवार को सैंकड़ों की संख्या में फरियादी मिलने पहुंचे। इनमें से कोई वित्तीय मदद की आस लेकर आया था तो कोई अपना तबादला रद्द करने की आस से आया था। मुख्यमंत्री ने किसी को निराश नहीं किया।
वर्ल्ड ग्रैपलिंग चैंपियनशिप को चयनित 10 हिमाचली खिलाड़ियों को आर्थिक मदद देगी सरकार
रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित होने वाली वर्ल्ड ग्रैपलिंग चैंपियनशिप के लिए सब जूनियर और जूनियर वर्ग में हिमाचल प्रदेश से चयनित 10 खिलाड़ियों की मदद के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाथ बढ़ाया है।
पर्यटन नगरी कसौली में खुशवंत सिंह लिटरेचर फैस्टीवल का आगाज
कसौली में 3 दिवसीय लिटरेचर फैस्टीवल का आगाज हो गया है, जो 15 अक्तूबर तक चलेगा। इस बार लिटरेचर फैस्टीवल की थीम द रिवॉल्यूशन विल नॉट टू बी टैलीवाइड, बी द चेंज यू वांट टू सी है। खुशवंत सिंह लिटरेचर फैस्टीवल का यह 12वां एडिशन है। इसमें लेखक, पॉलिटिशियन, जर्नलिस्ट और एक्टर हिस्सा ले रहे हैं।
कीतरपुर-मनाली फोरलेन प्रोजैक्ट के डिजाइन में होगा बदलाव, NHAI ने बनाया ये प्लान
कीतरपुर-मनाली फोरलेन के क्षतिग्रस्त भाग के डिजाइन में बदलाव किया जाएगा। इसके लिए एनएचएआई यानी नैशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा आईआईटी के साथ एमओयू साइन किया जा रहा है। इस एमओयू को साइन करने के बाद इसके नए डिजाइन पर काम शुरू होगा और फिर उसी आधार पर इसकी नई डीपीआर बनाकर मंजूरी के लिए मंत्रालय को भेजी जाएगी।
हनीट्रैप मामले में जाली दस्तावेज पेश करने महिला व युवक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने हनीट्रैप मामले में दोषी चल रहे महिला व युवक पर जाली दस्तावेज पेश करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों द्वारा जांच में सहयोग न करने के लिए जमा करवाया चिकित्सा सर्टीफिकेट फर्जी पाया है। इस पर कार्रवाई करते हुए दोनों के खिलाफ थाना नालागढ़ में एक अन्य एफआईआर दर्ज की और आरोपियों को मेरठ से नालागढ़ लाया गया।
सिरमौर की महिला की हरियाणा में डेंगू से मौत
सिरमौर जिले की एक महिला की हरियाणा के मुलाना अस्पताल में डेंगू से मौत हो गई। मृतका रितु (37) पत्नी लक्की निवासी वार्ड नंबर-4, तारूवाला पांवटा साहिब की रहने वाली थी। हालांकि महिला की केस हिस्ट्री देहरादून और हरियाणा के मुलाना की है लेकिन महिला का संबंध सिरमौर जिले से है, ऐसे में डेंगू से मौत का यह दूसरा मामला है।