हिमाचल में UAE के प्रवासी हिमाचलियों को निवेश का न्यौता, सीएम ने केंद्र से मांगा स्पैशल पैकेज, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Friday, Sep 29, 2023 - 12:12 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में प्रवासी हिमाचलियों को विभिन्न हरित क्षेत्रों में निवेश का न्यौता दिया है। केंद्र से तीसरी बार हिमाचल में आपदा से नुक्सान का जायजा लेने आई केंद्रीय टीम को सीएम ने स्पैशल पैकेज की मांग की है। सार्वजनिक-निजी भागीदारी से (पीपीपी मोड) प्रदेशभर में टैली मानस कॉल सैंटर खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 3 अक्तूबर को मंत्रिमंडल बैठक हो सकती है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भारत दर्शन के दूसरे चरण के तहत संसदीय क्षेत्र के 21 लड़कों को भारत दर्शन करवाएंगे। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) द्वारा वीरवार को बीएससी प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। 5 वर्षों से एक स्थान पर डटे पुलिस कर्मचारियों के जल्द तबादले होंगे। चिट्टा तस्करी में संलिप्त आरोपियों की संपत्तियों को भी जब्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने कहा कि राज्य सरकार शानन प्रोजैक्ट की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी। सोलन जिला के शामती बाईपास पर शमलेच के नजदीक एक कार के खाई में गिरने के कारण चालक की मौत हो गई। चम्बा जिला के प्रवेश द्वार तुनुहट्टी में पुलिस ने परिवहन निगम की बस में सवार 2 लोगों से 663 ग्राम चरस बरामद की है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
सीएम सुक्खू ने UAE के प्रवासी हिमाचलियों को दिया हरित क्षेत्रों में निवेश का न्यौता
मानसून के कारण आई प्राकृतिक आपदा के बाद हालात सुधरने के बाद राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को तलाशने में जुट गई है। इस कड़ी के तहत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में प्रवासी हिमाचलियों को पर्यटन, हरित हाईड्रोजन, खाद्य प्रसंस्करण, सूचना एवं प्रौद्योगिकी और सौर ऊर्जा सहित विभिन्न हरित क्षेत्रों में निवेश का न्यौता दिया है।
सीएम सुक्खू बोले-केंद्र से जायजा लेने तीसरी बार हिमाचल आ गई टीम, अब तो स्पैशल पैकेज दे दो
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अमृतसर में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक में उन्होंने प्रदेश हित से जुड़े मामलों को उठाया है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि अब तो तीसरी बार प्राकृतिक आपदा से हुए नुक्सान का जायजा लेने के लिए टीम आ गई है, अब तो स्पैशल पैकेज दे दो। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुक्सान की भरपाई के लिए 12000 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा है।
हिमाचल में पीपीपी मोड पर खोले जाएंगे टैली मानस कॉल सैंटर
सार्वजनिक-निजी भागीदारी से (पीपीपी मोड) प्रदेशभर में टैली मानस कॉल सैंटर खोले जाएंगे, जिसमें मानसिक रोगियों व उनके सहायकों से समस्या जानकर उपचार व परामर्श की सुविधा प्रतिदिन 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। प्रारंभ में इसके लिए 8 मनोचिकित्सक तैनात किए जाएंगे और प्रदेश में रोगियों की संख्या एवं मांग के आधार पर केंद्रों व चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने का भी प्रावधान किया गया है।
3 अक्तूबर को कैबिनेट मीटिंग की संभावना
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में 3 अक्तूबर को मंत्रिमंडल बैठक हो सकती है। हालांकि अब तक सरकारी स्तर पर इसको लेकर सर्कुलर जारी नहीं हुआ है। इससे पहले मंत्रिमंडल बैठक का आयोजन विधानसभा के मानसून सत्र से पहले गत 14 सितम्बर को हुआ था। अब आगामी बैठक में सीएम की बजट घोषणाओं और विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने पर मुहर लग सकती है।
21 बेटियों के बाद 21 बेटों को सांसद भारत दर्शन यात्रा करवाएंगे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भारत दर्शन के दूसरे चरण के तहत संसदीय क्षेत्र के 21 लड़कों को भारत दर्शन करवाएंगे। उन्होंने इससे पहले 21 बेटियों को इस तरह की यात्रा करवाई थी। इस तरह केंद्रीय मंत्री पिछले 5 वर्षों में 101 विद्यार्थियों को यात्रा करवा चुके हैं। चयनित युवा 25 अक्तूबर से 1 नवम्बर तक सांसद भारत दर्शन यात्रा में शामिल होंगे।
SPU ने घोषित किया BSc प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम
सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) द्वारा वीरवार को बीएससी प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। परीक्षा परिणाम 14.38 प्रतिशत रहा। परीक्षा परिणाम में कुल 4785 विद्यार्थियों में से 688 विद्यार्थी पास हुए हैं। बीएससी प्रथम वर्ष के पहले 2 स्थानों में छात्राओं ने बाजी मारी जबकि तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से छात्र और छात्रा ने स्थान प्राप्त किया है।
5 वर्षों से एक स्थान पर डटे पुलिस कर्मियों के होंगे तबादले
5 वर्षों से एक स्थान पर डटे पुलिस कर्मचारियों के जल्द तबादले होंगे। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय की तरफ से पूरी सूची तैयार की जा रही है। सामने आया है कि पूर्व भाजपा सरकार के समय से कुछ पुलिस कर्मचारी एक ही स्थान पर डटे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार ऐसे कर्मचारियों को विजिलैंस व सीआईडी में भी तैनाती नहीं दी जाएगी।
चिट्टा तस्करी में संलिप्त आरोपियों की संपत्तियां होंगी जब्त, ED को भेजे जाएंगे मामले
चिट्टा तस्करी में संलिप्त आरोपियों की संपत्तियों को भी जब्त किया जाएगा। इसके तहत पुलिस विभाग ने चिट्टा तस्करी से जुड़े बड़े मामलों को आगामी कार्रवाई के लिए प्रवर्तन निदेशालय को भेजेगा। देखा जाए तो पहाड़ी प्रदेश हिमाचल में चिट्टा तस्करी के मामले बढ़ रहे हैं। आलम ये है कि चिट्टे के साथ पकड़े जाने वाले आरोपियों को रखने के लिए सूबे की जेलें भी छोटी पड़ने लगी हैं।
शानन प्रोजैक्ट पर हिमाचल का हक, हितों की लड़ी जाएगी लड़ाई
राज्य सरकार शानन प्रोजैक्ट की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी। 99 साल के लिए इस प्रोजैक्ट की जो लीज पंजाब सरकार के पास थी, वह जल्द ही खत्म हो रही है। ऐसे में अब हिमाचल को उसका हक वापस मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने वीरवार को सचिवालय में मीडिया से ये बात कही।
सोलन : शमलेच के पास कार खाई में गिरी, चालक की मौत
सोलन जिला के शामती बाईपास पर शमलेच के नजदीक एक कार के खाई में गिरने के कारण चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पंकज पुत्र मनसा राम निवासी जौणाजी रोड सोलन के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार पंकज शामती से शमलेच की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह शमलेच के समीप पहुंचा तो अचानक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
HRTC बस में सवार 2 लोगों से पकड़ी 663 ग्राम चरस बरामद
चम्बा जिला के प्रवेश द्वार तुनुहट्टी में पुलिस ने परिवहन निगम की बस में सवार 2 लोगों से 663 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ थाना चुवाड़ी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार वीरवार को पुलिस चैक पोस्ट तुनुहट्टी में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स चम्बा-कांगड़ा टीम व पुलिस चैक पोस्ट तुनुहट्टी की टीम द्वारा नाकाबंदी की गई थी।