सत्ता-संगठन में तालमेल के लिए पॉलीटिकल अफेयर कमेटी गठित, कैबिनेट मीटिंग में सरकार ने लिए बड़े फैसले, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Sep 15, 2023 - 05:52 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में सत्ता व संगठन के बीच तालमेल के लिए कांग्रेस हाईकमान ने पॉलीटिकल अफेयर कमेटी गठित की है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्दर सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। ऊना जिला के गगरेट में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां पकड़ीं हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने वीरवार को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भेंट की। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष वंदना योगी व अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश डोगरा ने प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संगठन की नब्ज टटोलने के लिए भाजपा के 2 राष्ट्रीय नेता राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम और राष्ट्रीय सचिव सरदार नरेंद्र सिंह शिमला पहुंचे। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में होटल कारोबारी से 1 करोड़ रुपए की फिरौती व मेडिकल डिवाइस पार्क में काम मांगने को लेकर हुई गोलीबारी को लेकर डीजीपी संजय कुंडू ने क्षेत्र का दौरा किया। सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब में पुलिस ने अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर औट टनल के अंदर एचआरटीसी बस, टैम्पो और बाइक में टक्कर हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

कांग्रेस हाईकमान ने सत्ता-संगठन में तालमेल के लिए बनाई पॉलीटिकल अफेयर कमेटी
हिमाचल में सत्ता व संगठन के बीच चल रही खींचतान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने वीरवार को बड़ा फैसला लिया है। इसी कड़ी में देर शाम पार्टी आलाकमान ने पॉलीटिकल अफेयर कमेटी गठित की है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से हुई मुलाकात के बाद गठित कमेटी के अंदरखाते कई मायने निकाले जा रहे हैं। 

राज्य चयन आयोग करेगा ग्रुप-सी पदों की भर्ती, नौकरियों का खुला पिटारा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्दर सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में भंग हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के स्थान पर राज्य सरकार के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, बोर्डों, निगमों, स्थानीय निकायों आदि के अधीन विभिन्न ग्रुप-सी पदों की भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित करने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की स्थापना करने का निर्णय लिया गया।

ऊना के गगरेट में ANTF ने पकड़ी नशीली दवा की खेप, 2 गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार गगरेट में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के सीआईडी एडीशनल एसपी रजिंदर जसवाल की अगुवाई में टीम ने वीरवार देर रात दबिश देकर बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां पकड़ीं। इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पिछले लंबे अरसे से गगरेट में दत्ता मेडिकल स्टोर के नाम से गगरेट का एक दवा तस्कर नशीली दवा मंगवा रहा था जिसे पकड़ने के लिए यह पूरा जाल बिछाया गया था।

दिल्ली में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे से मिलीं प्रतिभा सिंह
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने वीरवार को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भेंट की। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रदेश कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों से भी अवगत करवाया, साथ ही कर्मठ कार्यकर्ताओं की पैरवी करते हुए उन्हें सरकार में जिम्मेदारियां दिए जाने की बात कही। 

BJP महिला मोर्चा व अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों की घोषणा
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष वंदना योगी व अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश डोगरा ने प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। भाजपा महिला मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर डाॅ. सीमा ठाकुर, शीतल व्यास, मीनाक्षी राणा, कांता ठाकुर और अनीता वर्मा की तैनाती की गई है जबकि महामंत्री पद का दायित्व मांचली ठाकुर व अंजना शर्मा संभालेंगी।

संगठन की नब्ज टटोलने शिमला पहुंचे भाजपा के 2 केंद्रीय नेता
आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संगठन की नब्ज टटोलने के लिए भाजपा के 2 राष्ट्रीय नेता राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम और राष्ट्रीय सचिव सरदार नरेंद्र सिंह शिमला पहुंचे। इन दोनों नेताओं ने संगठनात्मक स्तर पर क्या-क्या सुधार हो सकते हैं, इस विषय को लेकर 4 दौर की बैठक की। 

DGP संजय कुंडू ने किया BBN का दौरा
हाल ही में औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में होटल कारोबारी से 1 करोड़ रुपए की फिरौती व मेडिकल डिवाइस पार्क में काम मांगने को लेकर हुई गोलीबारी को लेकर डीजीपी संजय कुंडू ने क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने एसपी बद्दी कार्यालय में बैठक कर बढ़ रहीं आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दिशा-निर्देश दिए। डीजीपी ने बद्दी व बरोटीवाला थाने तथा पुलिस लाइन का निरीक्षण भी किया।

सांबल में अब नहीं तलाशे जाएंगे मलबे में दबे लोग, प्रशासन ने बंद किया सर्च ऑप्रेशन
पंडोह के साथ लगते सांबल गांव में बीते एक महीने से चलाया जा रहा सर्च ऑप्रेशन बंद कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार मलबे में दबे लोगों को तलाशने के लिए प्रशासन द्वारा एक महीने से सर्च ऑप्रेशन चलाया जा रहा था लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने के बाद अब परिजनों की सहमति से जिला प्रशासन ने इसे बंद किया है। 

अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, 54.402 किलोग्राम चूरा-पोस्त के साथ 4 गिरफ्तार
सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब में पुलिस टीम ने अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए राजस्थान के 3 व हरियाणा के एक व्यक्ति को चूरा-पोस्त की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में हरियाणा की तरफ से पांवटा साहिब की तरफ चूरा-पोस्त की बड़ी खेप लाई जा रही है। 

अस्पताल में मरीज के बैड पर सोता मिला कुत्ता, सोशल मीडिया पर फोटाे वायरल
प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का दम भरने वाली सरकारों के दावे तब हवा-हवाई हो जाते हैं जब ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों के बैड पर कुत्ते आराम फरमा रहे हों। जी हां, हमीरपुर जिले में भोरंज सिविल अस्पताल में मरीजों के बैड पर रात को कुत्ते सोते हैं।

औट टनल में हादसा, बस, टैम्पो व बाइक की टक्कर में 2 घायल
चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर वीरवार दोपहर लगभग 2 बजे औट टनल के अंदर एचआरटीसी बस, टैम्पो और बाइक में टक्कर हो गई जिससे बाइक सवार 2 लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद दोनों घायलों को सिविल अस्पताल नगवाईं ले जाया गया, जहां से उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रैफर किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News