G-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने आज दिल्ली पहुंचेंगे CM, HRTC की बस हुई दुर्घटना का शिकार, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Sep 09, 2023 - 05:55 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह शनिवार को चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। शिमला से चौपाल-नेरवा-थरोच जाने वाली एचआरटीसी बस सैंज के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 18 लोग घायल हुए हैं। राज्य में जानलेवा स्क्रब टायफस थमने का नहीं रहा है और इस बीमारी से लोग काल का ग्रास बन रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भारत की एक और दवा को लेकर अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया दिल्ली जाएंगे। जिला किन्नौर में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 निगुलसरी के पास भूस्खलन होने से पूरी तरह बंद हो गया है। शिक्षा विभाग में शिक्षकों के भर्ती नियम बदलेंगे। मनाली पुलिस ने चिट्टे के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। नालागढ़ क्षेत्र के मंझोली स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क को समतल कर रहे ठेकेदार से अपना टिप्पर लगाने गए 3 लोगों ने एक व्यक्ति पर फायर कर दिया। जुब्बल पुलिस ने बिजली ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

G-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने आज दिल्ली जाएंगे सीएम सुखविंदर सिंह 
जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह शुक्रवार सायं चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। वह रात्रि को हिमाचल भवन में विश्राम करेंगे तथा शनिवार को चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री शाम 8 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से देश-विदेश से आए अतिथियों को भारत मंडपम में दिए जाने वाले रात्रि भोज में शामिल होंगे। इसके लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को विशेष तौर पर न्यौता भेजा गया है।

शिमला से थरोच जा रही HRTC बस सैंज के समीप दुर्घटनाग्रस्त, 18 लोग घायल
शिमला से चौपाल-नेरवा-थरोच जाने वाली एचआरटीसी बस सैंज के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 18 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए ठियोग अस्पताल लाया गया है। जानकारी के मुताबिक एचआरटीसी बस (एचपी 03बी-6127) शिमला से थरोच जा रही थी कि सैंज के लेलूपुल के साथ अनियंत्रित होकर नाली में पलट गई।

हिमाचल में स्क्रब टायफस से एक और मौत, मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 8
राज्य में जानलेवा स्क्रब टायफस थमने का नहीं रहा है और इस बीमारी से लोग काल का ग्रास बन रहे हैं। इस बीमारी ने एक और व्यक्ति की जान ले ली है। आईजीएमसी में 71 वर्षीय कोटगढ़ निवासी बुजुर्ग की इस बीमारी से मौत हो गई है। मृतकों का आंकड़ा अब 8 हो गया है।

WHO ने लिवर की नकली दवा को लेकर जारी किया अलर्ट
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भारत की एक और दवा को लेकर अलर्ट जारी किया है। भारत सहित तुर्की के बाजार में लिवर की इस नकली दवा को बेचा जा रहा है। डेफिटेलियो के बैच नंबर 20जी20ए की दवा नकली है। यह नकली दवा भारत में (अप्रैल 2023) और तुर्की (जुलाई 2023) में पाई गई। यही नहीं, विनियमित और अधिकृत चैनलों के माध्यम से बाहर आपूर्ति की गई। 

मानसून सत्र से पहले दिल्ली जाएंगे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया दिल्ली जाएंगे। उनका वहां पर 11 सितम्बर को लोकसभा सचिवालय के सीपीए सैल की तरफ से आयोजित पीठासीन अधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक में भाग लेने का कार्यक्रम है। विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष के सचिव प्रकाश ठाकुर भी इस आयोजन में भाग लेंगे। 

निगुलसरी में भूस्खलन से NH-5 अवरुद्ध, किन्नौर का संपर्क देश-दुनिया से कटा
जिला किन्नौर में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 निगुलसरी के पास वीरवार रात को भूस्खलन होने से पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे जिला किन्नौर देश-दुनिया से पूरी तरह कट चुका है। एनएच के अवरुद्ध होने से रिकांगपिओ से रामपुर शिमला व शिमला से रिकांगपिओ की तरफ छोटे व बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। 

शिक्षकों के बदलेंगे भर्ती एवं पदोन्नति नियम, इंडक्शन ट्रेनिंग अनिवार्य करने के निर्देश
शिक्षा विभाग में शिक्षकों के भर्ती नियम बदलेंगे। शुक्रवार को राज्य परियोजना निदेशक के नेतृत्व में शिक्षा सचिव राकेश कंवर के साथ एक व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान शिक्षा सचिव ने अधिकारियों को शिक्षक भर्ती को लेकर जल्द भर्ती एवं पदोन्नति नियम तैयार करने को कहा है। 

मनाली में 21.12 ग्राम चिट्टा बरामद, पंजाब पुलिस के जवान सहित 4 गिरफ्तार
मनाली पुलिस ने चिट्टे के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 2 अलग-अलग मामलों में की है। पहले मामले में मनाली की पुलिस टीम ने गोम्पा रोड मनाली में गश्त के दौरान अमृतसर पंजाब निवासी विक्रम सिंह (46) पुत्र सरदार मनमोहन सिंह, कपिल (30) पुत्र प्रेमनाथ  व सतनाम सिंह (21) पुत्र महेन्द्र सिंह के कब्जे से 16 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।

टिप्पर लगाने को लेकर मेडिकल डिवाइस पार्क में चली गोली, 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
नालागढ़ क्षेत्र के मंझोली स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क को समतल कर रहे ठेकेदार से अपना टिप्पर लगाने गए 3 लोगों ने एक व्यक्ति पर फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। वहां टिप्पर के 2 दर्जन चालक थे। शोर सुनकर जैसे ही चालक इकट्ठे हुए तो ये लोग भाग गए। मंझोली में मेडिकल डिवाइस पार्क में जमीन समतल हो रही है। 

पुलिस ने किया ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
जुब्बल पुलिस ने बिजली ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के 4 सदस्यों को धर दबोचा है, वहीं इनसे चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। इस मामले में और गिरफ्तारियां भी संभावित हैं। इस गिरोह ने पिछले 3 वर्षों में पुलिस स्टेशन रोहड़ू, ठियोग, जुब्बल और कोटखाई के अंतर्गत ट्रांसफार्मर चोरी के कई मामलों को अंजाम दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News