पवित्र डल झील में 25 हजार शिव भक्तों ने लगाई आस्था की डुबकी, सीएम ने पर्यटकों के लिए सुरक्षित बताया हिमाचल, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Friday, Sep 08, 2023 - 06:12 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): श्री मणिमहेश यात्रा के कृष्ण जन्माष्टमी के छोटे स्नान पर्व पर लगभग 25 हजार लोगों ने मणिमहेश डल झील में स्नान किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा है कि आपदा के बाद प्रदेश की अधिकांश सड़कों को खोल दिया गया है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश पर्यटकों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। सीबीआई पुलिस कांस्टेबल लिखित परीक्षा पेपर लीक केस से जुड़े हर दलाल का पूरा रिकाॅर्ड खंगाल रही है। प्रदेश कांग्रेस ने वीरवार को सभी जिला मुख्यालयों में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर भारत जोड़ो पदयात्रा सम्मेलन आयोजित किए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि बिक्रम ठाकुर पूर्व सरकार में उद्योग मंत्री व क्रशर मंत्री भी रहे हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि ब्यास किनारे जितने भी क्रशर हैं उन सभी पर रोक लगाई गई है। हिमाचल में अब बिना सवारियों के घूम रही बसों के रूटों को निगम प्रबंधन घटाएगा। जिला किन्नौर के राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर निगुलसरी के पास वीरवार सुबह पहाड़ी में भूस्खलन हो गया, जिसके चलते पत्थरों के गिरने से सेब से लदे 2 वाहन पत्थरों की चपेट में आ गए। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में टाइमिंग को लेकर कोई बदलाव नहीं होगा। चम्बा जिले में हुए सड़क हादसे में 2 महिलाओं व एक बच्ची की मौत हो गई है। शिमला में 2 अलग-अलग मामलों में 2 नाबालिग लड़कियों के साथ दुराचार के मामले सामने आए हैं।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
कड़ाके की ठंड में 25 हजार शिव भक्तों ने लगाई पवित्र डल झील में डुबकी
श्री मणिमहेश यात्रा के कृष्ण जन्माष्टमी के छोटे स्नान पर्व पर लगभग 25 हजार लोगों ने मणिमहेश डल झील में स्नान किया। तीन दिन पहले मणिमहेश डल झील पर लगभग 4 इंच तक हिमपात हो जाने के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। कड़ाके की ठंड में बुधवार शाम को जन्माष्टमी का स्नान शुरू हुआ जोकि वीरवार शाम साढ़े 3 बजे तक चलता रहा।
आपदा के बाद अधिकांश सड़कें बहाल, हिमाचल पर्यटकों के लिए सुरक्षित
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा है कि आपदा के बाद प्रदेश की अधिकांश सड़कों को खोल दिया गया है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश पर्यटकों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। मुख्यमंत्री ने जनता के नाम जारी अपने वीडियो संदेश में कहा कि मानसून की भारी वर्षा के कारण बंद पड़ी सड़कें खुल गई हैं। ऐसे में सरकार ने सड़कों को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर जो प्रयास किए, वे रंग लाए हैं।
पुलिस कांस्टेबल पेपर लीक केस में दलालों का रिकाॅर्ड खंगाल रही CBI
सीबीआई पुलिस कांस्टेबल लिखित परीक्षा पेपर लीक केस से जुड़े हर दलाल का पूरा रिकाॅर्ड खंगाल रही है। इसके लिए कई राज्यों की पुलिस व अन्य एजैंसियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। जांच टीम द्वारा पता लगाया जा रहा है कि जो व्यक्ति प्रदेश में हुए कांस्टेबल पेपर लीक केस में संलिप्त है, उनके खिलाफ अन्य राज्यों में भी कोई एफआईआर दर्ज तो नहीं है।
गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा देश, नाम बदलने तक के हो रहे प्रयास
प्रदेश कांग्रेस ने वीरवार को सभी जिला मुख्यालयों में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर भारत जोड़ो पदयात्रा सम्मेलन आयोजित किए। शिमला में सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का उल्लेख करते हुए देश में पार्टी को विघटनकारी ताकतों के खिलाफ उनकी इस आवाज को बुलंद करने का आह्वान किया।
कांगड़ा के क्रशर बंद करने के सवाल पर सीएम ने घेरे पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि बिक्रम ठाकुर पूर्व सरकार में उद्योग मंत्री व क्रशर मंत्री भी रहे हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि ब्यास किनारे जितने भी क्रशर हैं उन सभी पर रोक लगाई गई है। वीरवार को देहरा दौरे पर पहुंचे सीम ने लक्ष्मी नारायण ठाकुरद्वारा चनोर मंदिर में दर्शन किए व इस आपदा से प्रदेश को उबारने के लिए प्रार्थना की, साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई दी।
हिमाचल में बिना सवारी के घूम रही बसों के रूट घटाएगा HRTC
हिमाचल में अब बिना सवारियों के घूम रही बसों के रूटों को निगम प्रबंधन घटाएगा। इससे निगम को प्रतिदिन लाखों रुपए की बचत होगी और दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे घाटे से उबरने में मदद मिलेगी। एचआरटीसी को बिना सवारी के घूम रही बसें महंगी पड़ रही हैं। हर वर्ष एचआरटीसी को बसों की डैड माइलेज के कारण करोड़ों रुपए का घाटा उठाना पड़ रहा है।
NH-5 पर निगुलसरी के पास भूस्खलन, सेब से लदे 2 वाहन क्षतिग्रस्त
जिला किन्नौर के राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर निगुलसरी के पास वीरवार सुबह पहाड़ी में भूस्खलन हो गया, जिसके चलते पत्थरों के गिरने से सेब से लदे 2 वाहन पत्थरों की चपेट में आ गए। हालांकि इस हादसे में किसी तरह का जानी नुक्सान नहीं हुआ है परंतु वाहनों व सेब को भारी नुक्सान हुआ है। वहीं पहाड़ी से भारी-भरकम पत्थरों के गिरने से राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 भी लगभग 5 घंटे तक बंद रहा।
हिमाचल में स्कूल टाइमिंग को लेकर नहीं होगा कोई बदलाव
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में टाइमिंग को लेकर कोई बदलाव नहीं होगा। पूर्व में जारी शैड्यूल के मुताबिक ही स्कूल लगेंगे। हाल ही में शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्कूल टाइमिंग को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान राज्य की भौगोलिक स्थिति को देखकर ही फैसला लेने को कहा गया ताकि छात्रों को कोई दिक्कत न हो।
चम्बा में वाहन दुर्घटना में 2 साल की बच्ची सहित 3 की मौत, 8 घायल
चम्बा जिले के माणी-सिढकुंड मार्ग पर टरीरू के निकट एक बोलेरो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 2 महिलाओं व एक बच्ची की मौत हो गई है। इसके अलावा चालक समेत 8 लोग घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चम्बा में भर्ती करवाया गया है।
शिमला में 2 नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म, पुलिस मामले दर्ज कर जांच में जुटी
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में 2 अलग-अलग मामलों में 2 नाबालिग लड़कियों के साथ दुराचार के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 376 व पोक्सो एक्ट के तहत मुकद्दमे दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों मामले शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आए हैं। पीड़ितों का आरोप है कि उनके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए हैं।