हिमाचल के 304 पुलिस कर्मियों को डीजीपी डिस्क अवार्ड, मणिमहेश यात्रा के लिए हैलीकॉप्टर सेवा शुरू, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Monday, Sep 04, 2023 - 05:56 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य में आगामी तीन दिन यैलो अलर्ट रहेगा, जबकि 9 सितम्बर तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में आयोजित समारोह में 304 पुलिस कर्मियों को डीजीपी डिस्क अवार्ड प्रदान किए गए। प्रदेश में संवेदनशील पदों व स्थानों पर 10-10 साल से तैनात कर्मचारियों व अधिकारियों के तबादले होंगे। श्री मणिमहेश यात्रा के लिए रविवार को हैलीकॉप्टर सेवा शुरू हो गई। हिमाचल प्रदेश आपदा राहत कोष में 163 करोड़ रुपए से अधिक का अंशदान एकत्र हुआ है। सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों की सम्मान राशि में 10 हजार रुपए की बढ़ौतरी की है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चिंतपूर्णी मंदिर के विस्तारीकरण के लिए केंद्र सरकार से पैसा उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि हिमाचल में जब से कांग्रेस सरकार बनी है तब से प्रदेश में खनन माफिया सक्रिय हो गया है। शिमला जिले के नावर क्षेत्र की टिक्कर तहसील के दरोटी गांव देर रात एक भीषण अग्निकांड हो गया। शिमला में पुराने बस अड्डे के समीप बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 3 दिन का यैलो अलर्ट, जानिए कब तक खराब रहेगा मौसम
राज्य में आगामी तीन दिन यैलो अलर्ट रहेगा, जबकि 9 सितम्बर तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। हालांकि मानसून अब थोड़ा कमजोर पड़ गया है, लेकिन मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार तीन दिनों के लिए प्रदेश के 7 जिलों में आंधी व मध्यम वर्षा का यैलो अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल के 304 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी डीजीपी डिस्क अवार्ड से सम्मानित
हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग ने रविवार को ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में डीजीपी डिस्क अवार्ड समारोह आयोजित किया। इसमें राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। 3 वर्ष बाद आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल ने वर्ष 2020, 2021 और 2022 के लिए 304 पुलिस कर्मियों को डीजीपी डिस्क अवार्ड प्रदान किए।
10 वर्ष से संवेदनशील पदों पर तैनात कर्मचारियों व अधिकारियों के होंगे तबादले
हिमाचल प्रदेश में संवेदनशील पदों व स्थानों पर 10-10 साल से तैनात कर्मचारियों व अधिकारियों के तबादले होंगे। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों व औद्योगिक क्षेत्रों में कई साल से तैनात कर्मचारियों व अधिकारियों को भी बदलने की कवायद शुरू हो गई है। सरकार ने आदेश जारी करते हुए इन अधिकारियों को तुरंत बदलने के निर्देश दिए हैं।
मणिमहेश यात्रा के लिए हैलीकॉप्टर सेवा शुरू
श्री मणिमहेश यात्रा के लिए रविवार को हैलीकॉप्टर सेवा शुरू हो गई। हैलीकॉप्टर सेवा सुबह 6 से शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इस वर्ष मणिमहेश यात्रा के लिए टैंडर प्रक्रिया के बाद एक ही कंपनी ‘थुम्बी एविएशन’ को हैलीकॉप्टर सेवा के लिए अधिकार मिला है। इसके परिणामस्वरूप इस साल केवल एक ही हैलीकॉप्टर सेवा प्रदान करेगा।
आपदा राहत कोष में 163 करोड़ से अधिक का अंशदान एकत्र
हिमाचल प्रदेश आपदा राहत कोष में 163 करोड़ रुपए से अधिक का अंशदान एकत्र हुआ है। प्रदेश के लोगों सहित बाहरी राज्य के लोग भी आपदा राहत कोष में अंशदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने आपदा की इस घड़ी में अतुलनीय योगदान के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अंशदान प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने और उनके पुनर्वास में सहायक सिद्ध होगा।
स्वतंत्रता सेनानियों की सम्मान राशि में 10 हजार रुपए की बढ़ौतरी
सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों की सम्मान राशि में 10 हजार रुपए की बढ़ौतरी की है। इस संबंध में संयुक्त सचिव सामान्य प्रशासन की तरफ से अधिसूचना जारी की गई है।अधिसूचना के अनुसार सरकार ने हिमाचल प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी सम्मान राशि योजना-1985 के अंतर्गत प्रदेश के जीवित स्वतंत्रता सेनानियों की सम्मान राशि को 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए प्रतिमाह किया है।
चिंतपूर्णी मंदिर के विस्तारीकरण के लिए केंद्र सरकार उपलब्ध करवाए पैसा
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ई-रिक्शा में बैठकर नया बस अड्डा से माता के दरबार में पहुंचे। इससे पहले मुकेश अग्निहोत्री ने सुगम दर्शन प्रणाली के तहत जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था को अपनाते हुए 1100 रुपए जमा करवा कर मां के दरबार में दर्शन किए। तत्पश्चात मुकेश अग्निहोत्री से पुजारी नभ कालिया, तिलक राज कालिया तथा संजीव कालिया ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना करवाई।
हिमाचल में खनन माफिया के हौसले बुलंद, सरकार बताए किसका मिल रहा संरक्षण
हिमाचल में जब से कांग्रेस सरकार बनी है तब से प्रदेश में खनन माफिया सक्रिय हो गया है। आए दिन खनन माफिया और पुलिस में भिड़ंत की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि खनन माफिया को सरकार शह दे रही है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि और घटनाओं के बाद अब कांगड़ा के लंज में अवैध खनन कर रहे माफिया व पुलिस के बीच झड़प की घटना सामने आई।
दरोटी गांव में भीषण अग्निकांड, 9 घर जलकर राख...करोड़ों का नुक्सान
शिमला जिले के नावर क्षेत्र की टिक्कर तहसील के दरोटी गांव देर रात एक भीषण अग्निकांड हो गया। इस घटना में 9 घर जलकर राख हो गए, जबकि कुछ घरों को आंशिक नुक्सान पहुंचा है। घटना शनिवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे की की बताई जा रही है। इस घटना में करोड़ों रुपए की संपत्ति का नुक्सान हुआ है। गनीमत रही कि घटना में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ।
शिमला में दर्दनाक हादसा, बस की चपेट में आने से व्यक्ति की मौ*त
शिमला में पुराने बस अड्डे के समीप बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा रविवार सुबह का बताया जा रहा है, जब एचआरटीस की एक बस पुराने बस अड्डे से निकली ही थी कि यहां रेन शैल्टर के पास ही लालपानी को जाने वाले मार्ग के पास ही यह हादसा हो गया। व्यक्ति बस के पिछले टायरों के नीचे आ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।