हिमाचल में एक हफ्ते में बहाल होंगी सड़कें, HRTC बसों में ये 26 वस्तुएं ले जाने पर लगा प्रतिबंध, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Sunday, Aug 27, 2023 - 11:38 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): सीएम ने कहा कि मौसम साफ रहने तथा धूप खिलने पर सरकार प्रदेश की सभी सड़कों को एक सप्ताह में खोल देगी। एचआरटीसी प्रबंधन ने बसों में पैट्रोल-डीजल, गैस सिलैंडर सहित 26 वस्तुओं के ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। बिजली बोर्ड में जल्द ही टीमेट व हैल्पर्ज के 1 हजार पद भर जाएंगे। हिमाचल प्रदेश में इमारती लकड़ी की तस्करी पर लगाम लगाई जाएगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य के सभी बस अड्डों को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर रविवार को साई में बेघर हुए लोगों का दर्द बांटने पहुंचे। हिमाचल की राजधानी शिमला में धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। डीजीपी संजय कुंडू ने आपदा में हिमाचल पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की है। सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि फोरलेन निर्माण में की गई कटिंग तय मापदंडों पर खरा नहीं उतरी है जो हिमाचल में आपदा के दौरान कहीं न कहीं अधिक तबाही का कारण बनी है। जोगिंद्रनगर पुलिस ने नाके के दौरान 714 ग्राम चरस के साथ कांगड़ा के 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
मौसम साफ रहने पर एक सप्ताह में बहाल होंगी प्रदेश की सभी सड़कें
मौसम साफ रहने तथा धूप खिलने पर सरकार प्रदेश की सभी सड़कों को एक सप्ताह में खोल देगी लेकिन यदि बारिश होगी तो भूस्खलन होता रहेगा। ऐसे में सड़कों को खोलना मुश्किल हो जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने रविवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही।
HRTC बसों में पैट्रोल-डीजल सहित ये 26 वस्तुएं ले जाने पर लगा पूर्ण प्रतिबंध
एचआरटीसी प्रबंधन ने बसों में पैट्रोल-डीजल, गैस सिलैंडर सहित 26 वस्तुओं के ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। निगम प्रबंधन ने सुरक्षा की दृष्टि और कानूनों को ध्यान में रखते हुए यह प्रतिबंध लगाया है। इसके तहत यात्री प्रबंधन द्वार तय किए गए पदार्थों व वस्तुओं को बस में नहीं ले जा सकते हैं।
बिजली बोर्ड में जल्द भरे जाएंगे टी-मेट व हैल्पर्ज के 1 हजार पद
बिजली बोर्ड में जल्द ही टीमेट व हैल्पर्ज के 1 हजार पद भर जाएंगे। यूनियन को मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन दिया है। हिमाचल प्रदेश स्टेट इलैक्ट्रीसिटी बोर्ड इम्प्लाइज यूनियन के महासचिव हीरा लाल वर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्टेट इलैक्ट्रीसिटी बोर्ड में लम्बे समय से तकनीकी कर्मचारियों के विभिन्न पदों के भर्ती एवं पदोन्नति अधिनियम में संशोधन लंबित थे जिस कारण बोर्ड में नई भर्ती से आए टी-मेट व हैल्पर्ज की पदोन्नति नहीं हो पा रही थी।
प्रदेश में इमारती लकड़ी की तस्करी पर लगेगी लगाम
हिमाचल प्रदेश में इमारती लकड़ी की तस्करी पर लगाम लगाई जाएगी। इस पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग व पुलिस विभाग मिलकर कार्य करेंगे। इसके लिए वन विभाग तथा पुलिस सीमा चौकियों को एकीकृत किया जाएगा। रविवार को शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह की अध्यक्षता में वन विभाग की बैठक हुई।
डिप्टी सीएम बोले-राज्य के सभी बस अड्डों को चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा विकसित
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को देहरा में एचआरटीसी वर्कशॉप तथा हरिपुर में बस स्टैंड का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी बस अड्डों को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को उचित कदम उठाने के दिशा-निर्देश दिए हैं।
जयराम ने बेघर हुए लोगों का बांटा दर्द, बोले-प्रभावितों को घर और जमीन दिलाने के लिए लड़ेंगे
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर रविवार को साई में बेघर हुए लोगों का दर्द बांटने पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिनके सिर पर छत नहीं रही हर उस प्रभावित को घर मिलना चाहिए। जिन लोगों की जमीनें भी नहीं रहीं हैं उन्हें जमीन दिलाने के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से हिमाचल को जो भी मदद आई है उसे हर प्रभावित तक पहुंचाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
शिमला में धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा जनजीवन
हिमाचल की राजधानी शिमला में धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। बीते करीब डेढ़ माह से राजधानी में लगातार हुई भारी बारिश के कारण जनजीवन खासा प्रभावित हो गया था लेकिन बारिश का दौर थमने के बाद अब जनजीवन सामान्य होने लगा है। धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
आपदा में हिमाचल पुलिस ने किया सराहनीय कार्य
डीजीपी संजय कुंडू ने आपदा में हिमाचल पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की, साथ ही सिरमौर जिला में आपदा सहित कानून व्यवस्था को लेकर सिरमौर पुलिस की पीठ भी थपथपाई। डीजीपी रविवार को सिरमौर प्रवास पर पहुंचे थे। जिला मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि आपदा के बीच प्रदेश में करीब 70 हजार सैलानी फंसे हुए थे, जिन्हें पुलिस की मदद से समय रहते निकाला गया।
फोरलेन निर्माण की कटिंग तय मापदंडों पर न होना बना अधिक तबाही का कारण
सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि फोरलेन निर्माण में की गई कटिंग तय मापदंडों पर खरा नहीं उतरी है जो हिमाचल में आपदा के दौरान कहीं न कहीं अधिक तबाही का कारण बनी है। नुक्सान का जायजा लेने नाचन पहुंची सांसद प्रतिभा सिंह ने रविवार को विश्राम गृह बासा में प्रैसवार्ता के दौरान ये शब्द कहे।
नाकाबंदी पर वाहन से 714 ग्राम चरस बरामद, कांगड़ा के 4 लोग गिरफ्तार
जोगिंद्रनगर पुलिस ने नाके के दौरान 714 ग्राम चरस के साथ कांगड़ा के 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नैशनल हाईवे पर रोपा पधर के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान मंडी की ओर आ रहे एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। वाहन में चालक सहित 4 लोग सवार थे।