मंत्रिमंडल की बैठक आज, डिप्टी CM का विपक्ष पर पलटवार , पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Tuesday, Aug 22, 2023 - 05:43 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक में बरसात के कारण आई आपदा को लेकर प्रमुखता से चर्चा होगी। इसके तहत सरकार आपदा से प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए अहम निर्णय ले सकती है। ऐसे में सरकार देखेगी कि वित्तीय संकट के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के लिए किस तरह से धन जुटाया जा सकता है। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के तहत दी जाने वाली राशि को आपदा के लिए व्यय किया जा सकता है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विशेष बातचीत में पूछे गए प्रश्न कि विपक्ष में रहते हुए आपका आक्रामक रवैया था, परंतु सत्ता में आते ही आप कूल दिख रहे हैं। इस संदर्भ में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह किरदार का मसला है। उस समय विपक्ष के नेता के रूप में काम कर रहा था और सत्ता में भाजपा थी। ऐसे में भाजपा की सरकार हटाने का मसला था।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हवलदार विजय पंचतत्व में विलीन, मेरा बेटा देश के काम आ गया कहते-कहते शव से लिपट गई मां
राजधानी शिमला से लेकर डिमणी गांव तक हर आंख नम हो गई, जब शहीद हवलदार विजय कुमार का शव हैलीकॉप्टर के माध्यम से पहले अनाडेल और वहां से सेना की एम्बुलैंस से धामी तथा धामी से पैतृक गांव तक 22 जैक राइफल्स के जवानों द्वारा पहुंचाया गया। वहां उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। समूची नेहरा पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई है और शहीद की शहादत के बाद लोग हताश हो गए हैं। परिजनों का हाल बेहाल है। जानकारी के अनुसार सेना के जवान विजय कुमार पूरे सैनिक सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हो गए।
मंत्रिमंडल बैठक आज, बरसात के कारण आई आपदा पर प्रमुखता से होगी चर्चा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक में बरसात के कारण आई आपदा को लेकर प्रमुखता से चर्चा होगी। इसके तहत सरकार आपदा से प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए अहम निर्णय ले सकती है। ऐसे में सरकार देखेगी कि वित्तीय संकट के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के लिए किस तरह से धन जुटाया जा सकता है। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के तहत दी जाने वाली राशि को आपदा के लिए व्यय किया जा सकता है।
आपदा के समय विपक्ष की बातों को नहीं सुन रहे, हमारा ध्यान जनता पर : मुकेश
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विशेष बातचीत में पूछे गए प्रश्न कि विपक्ष में रहते हुए आपका आक्रामक रवैया था, परंतु सत्ता में आते ही आप कूल दिख रहे हैं। इस संदर्भ में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह किरदार का मसला है। उस समय विपक्ष के नेता के रूप में काम कर रहा था और सत्ता में भाजपा थी। ऐसे में भाजपा की सरकार हटाने का मसला था। अब कांग्रेस सरकार में भूमिका को निभा रहे हैं। प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा से एकमात्र मंत्री के प्रश्न के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अभी सरकार को बने लगभग 8 महीने हुए हैं।
सुबह से शाम तक अपनों की तलाश में गुजर रहा दिन
सुबह होते ही प्रशासन की मशीनरी बड़े-बड़े पत्थरों और मलबे को हटाने में जुट जाती है और देर शाम तक यह कार्य इसी तरह से चलता रहता है। परिजन रोजाना इस मशीन के पास इसी उम्मीद के साथ आते हैं कि आज उन्हें अपने सही सलामत मिल जाएंगे, लेकिन रात होने से पहले उम्मीदें टूट जाती हैं। भारी बारिश के कारण आई आपदा में जिले के 6 लोग बीती 14 अगस्त से अभी तक लापता हैं जिसमें 6 महीने की दुधमुंही भी शामिल है।
राहुल गांधी को न देश गंभीरता से लेता है न ही उनकी पार्टी : जयराम
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तरफ से चीन को लेकर दिए गए बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनको न देश गंभीरता से लेता है और न ही उनकी पार्टी। ऐसे में वह देश को लेकर किस तरह की बयानबाजी करते हैं, उसे गंभीरता से लेने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से सजग एवं सचेत है।
एच.आर.टी.सी. को बड़ा झटका, इंडियन ऑयल कार्पोरेशन डीजल पर अब नहीं देगा छूट
एच.आर.टी.सी. को आपदा में हुए नुक्सान के बाद एक और बड़ा झटका लगा है। इंडियन ऑयल कार्पोरेशन एच.आर.टी.सी. को अब डीजल पर छूट नहीं देगा। इससे एच.आर.टी.सी. पर अब हर महीने 1 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। मौजूदा समय तक इंडियन ऑयल कार्पोरेशन द्वारा एच.आर.टी.सी. को डीजल पर प्रति लीटर डेढ़ रुपए की छूट प्रदान की जाती थी, लेकिन अब कॉर्पोरेशन की ओर से भारतीय स्तर पर लिए गए फैसले के कारण यह छूट नहीं मिलेगी।
एक महीना दिन में 3 घंटे बंद रहेगा मंडी-पंडोह हाईवे
चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे पर मंडी-पंडोह मार्ग एक महीने के लिए दिन में 3 घंटे बंद रखा जाएगा ताकि इसकी मुरम्मत हो सके। हालांकि अभी तक यह रास्ता पिछले 3 दिनों से ट्रैफिक के लिए वन-वे ही बहाल किया गया था लेकिन अब इसे डबललेन करने के लिए एक महीने तक दिन में 11 से लेकर 2 बजे तक बंद रखा जाएगा। बता दें कि 6 मील से लेकर 9 मील तक हाईवे बादल फटने और भूस्खलन के कारण बहुत ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गया है।
अतिक्रमण व बेतरतीब निर्माण को लेकर हाईकोर्ट ने 2015 में ही सतर्क रहने की दी थी चेतावनी
मानसून की शुरूआत के बाद से हिमाचल प्रदेश में विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप सैंकड़ों लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग बेघर हो गए। वर्ष 2015 में पारित एक फैसले में हिमाचल प्रदेश के उच्च न्यायालय ने अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी रूप में अतिक्रमण की अनुमति न देने की चेतावनी दी थी, चाहे वह दुकानों का अवैध विस्तार हो, इसका प्रक्षेपण, ऊ ध्र्वाधर और क्षैतिज अवैध विस्तार हो।
एच.आर.टी.सी. बसों में सामान ले जाने का अब लगेगा किराया, बिना यात्री भी जा सकेगा सामान
एच.आर.टी.सी. बसों में अब यात्री अपने सामान के साथ अन्य सामान भी ले जा सकेेंगे लेकिन इसके लिए यात्रियों को किराया अदा करना होगा। इसके साथ अब कंडक्टर बिना सवारी के भी यात्री का सामान एक स्थान से दूसरे स्थान या जिला तक ले जा सकेंगे जिससे एक जिले से दूसरे जिले में व्यक्ति का सामान आसानी से पहुंच सकेगा और लोगों को सुविधा मिलेगी। एच.आर.टी.सी. प्रबंधन ने सवारी के साथ और बिना सवारी के साथ निगम की बसों में ले जाने वाले सामान के लिए किराया संशोधित किया है।
कोल डैम जलाशय में फंसे 10 लोग सुरक्षित निकाले
20 अगस्त देर सायं सतलुज नदी के कोल डैम जलाशय में हाड़ाबोई के निकट फंसे 10 लोगों को एन.डी.आर.एफ. की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 20 व 21 अगस्त की अलसुबह करीब 3 बजे तक चले इस रैस्क्यू आप्रेशन में एन.डी.आर.एफ. की टीम व एन.टी.पी.सी. की हाईस्पीड बोट की सहायता से सतलुज नदी के कोल डैम जलाशय में फंसे इन लोगों को निकाला गया। जलाशय में फंसे लोगों में कांगू के वन रेंज ऑफिसर बहादुर सिंह, वन रक्षक भूपेश कुमार, वन कर्मी रूप लाल, बाबू राम, अंगद राम व स्थानीय लोग शामिल थे।
आज यैलो, कल से 2 दिन रहेगा ऑरैंज अलर्ट
राज्य में मौसम अभी लोगों को और तंग करेगा। मौसम विभाग के अनुसार 27 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा और मंगलवार को यैलो अलर्ट और बुधवार व गुरुवार को दो दिन ऑरैंज अलर्ट रहेगा। पिछले 24 घंटों में राज्य में मानसून कमजोर रहा और पालमपुर में 2, जोगिंद्रनगर, पांवटा, चुवाड़ी व कसौली में 1-1 सैंटीमीटर वर्षा हुई, जबकि मंगलवार को राजधानी शिमला में 0.2, ऊना में 32, कांगड़ा में 3, धौलाकुआं में 0.5, बरठीं में 3 मिलीमीटर बारिश हुई है।
स्क्रब टायफस से प्रदेश में दूसरी मौत
राज्य में स्क्रब टायफस से एक और मौत हो गई है। अर्की की एक महिला ने आई.जी.एम.सी. में दम तोड़ दिया है और प्रदेश में मृतकों की संख्या अब 2 हो गई है। महिला की मृत्यु की पुष्टि आई.जी.एम.सी. के एम.एस. डा. राहुल राव ने की। 35 वर्षीय महिला 19 अगस्त को स्क्रब टायफस पॉजिटिव पाई गई थी, उसे आई.जी.एम.सी. में उपचाराधीन करवाया था, लेकिन रविवार रात्रि को उसने दम तोड़ दिया है। आई.जी.एम.सी. में सोमवार को स्क्रब टायफस के 15 मामले पॉजिटिव आए हैं, जिससे आंकड़ा 102 पहुंच गया है।